आपदा/दुर्घटना

रौता ग्राम पंचायत में दिनदहाड़े गुलदार का हमला, युवक घायल,  ग्रामीणों में दहशत

पोखरी, 24 अप्रैल (राणा)। विकासखंड पोखरी की रौता ग्राम पंचायत में शुक्रवार सुबह एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जब दिनदहाड़े गुलदार ने एक युवक पर हमला कर उसे घायल कर दिया। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में भय और दहशत का माहौल व्याप्त हो गया है।

जानकारी के अनुसार थाला बैंड वार्ड के जिला पंचायत सदस्य एवं ग्रामीण बीरेंद्र राणा ने बताया कि ग्राम सभा रौता में आगामी 26 अप्रैल से सात दिवसीय श्रीमद्भागवत कथा का आयोजन प्रस्तावित है। इसी क्रम में गांव के खडपटा तोक में मंच निर्माण की तैयारी चल रही थी। शुक्रवार सुबह करीब 10 बजे चार–पांच युवक वहां मंच निर्माण कार्य में जुटे हुए थे।

इसी दौरान झाड़ियों में छिपे गुलदार ने अचानक हमला कर 29 वर्षीय मोहित सिंह (पुत्र शिशुपाल सिंह) को अपना निशाना बना लिया। अचानक हुए हमले से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। हमले के दौरान मोहित सिंह ने साहस का परिचय देते हुए गुलदार का मुकाबला किया। साथ मौजूद अन्य युवकों द्वारा शोर मचाने पर गुलदार मौके से जंगल की ओर भाग गया। हालांकि इस हमले में मोहित सिंह की पीठ, हाथ और पेट पर चोटें आई हैं।

घटना के बाद पूरे गांव में दहशत का माहौल है और ग्रामीण खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। बीरेंद्र राणा ने बताया कि इससे पूर्व भी क्षेत्र में गुलदार की गतिविधियों की सूचना कई बार वन विभाग को दी जा चुकी थी, लेकिन समय रहते प्रभावी कार्रवाई नहीं होने के कारण यह घटना घटित हुई।

ग्रामीणों ने वन विभाग से मांग की है कि गुलदार को पकड़ने या उसे आबादी क्षेत्र से दूर हटाने के लिए शीघ्र आवश्यक कदम उठाए जाएं, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो सके।

वहीं वन दरोगा आनंद सिंह रावत ने बताया कि वन आरक्षी दिनेश सिंह राणा सहित वन विभाग की टीम को तत्काल मौके पर भेज दिया गया है। घटना की जांच की जा रही है तथा गुलदार को पकड़ने के लिए पिंजड़ा लगाने के संबंध में उच्च अधिकारियों से संपर्क किया जा रहा है।

उधर, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र रौता के चिकित्सक डॉ. विरजू ने बताया कि घायल मोहित सिंह की स्थिति फिलहाल सामान्य है। उसकी पीठ, हाथ और पेट पर गुलदार के दांत और नाखून के खरोंच के निशान हैं, जिनका प्राथमिक उपचार कर दिया गया है। हालांकि एहतियात के तौर पर उसे कुछ समय तक चिकित्सकीय निगरानी में रखा गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!