Front Page

गौचर मेले की सांस्कृतिक संध्याओं में स्थानीय लोक कलाकारों को मिलेगी प्राथमिकता

 

14 से 19 नवंबर तक लोकगीतों और लोकनृत्यों की रहेगी धूम, पांडवाज बैंड भी देगा प्रस्तुति

— दिग्पाल गुसाईं —

गौचर, 11 नवंबर। चमोली जिले के ऐतिहासिक गौचर मैदान में 14 नवंबर से शुरू होने वाले सात दिवसीय राजकीय औद्योगिक विकास एवं सांस्कृतिक मेले की सांस्कृतिक संध्याओं में इस बार उत्तराखंड के स्थानीय लोक कलाकारों को विशेष प्राथमिकता दी गई है। मेला समिति ने प्रदेश की समृद्ध लोक संस्कृति के संरक्षण और संवर्धन के साथ ही नवोदित कलाकारों को मंच प्रदान करने के उद्देश्य से सांस्कृतिक कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार की है।

लंबे समय से गौचर मेले की आयोजन संबंधी बैठकों में स्थानीय और उभरते लोक कलाकारों को पर्याप्त अवसर नहीं मिलने का मुद्दा उठता रहा है। संस्कृति प्रेमियों का कहना रहा है कि बड़े कलाकारों को प्राथमिकता दिए जाने के कारण पहाड़ की लोक विधाओं से जुड़े नवोदित कलाकार हाशिए पर चले जाते हैं। इसी को ध्यान में रखते हुए मेला समिति ने इस बार सांस्कृतिक संध्याओं में स्थानीय प्रतिभाओं को अधिक अवसर देने का निर्णय लिया है।

मेला समिति द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार 14 नवंबर को उद्घाटन दिवस की सांस्कृतिक संध्या में पर्वतीय नाट्य मंच, रुद्रप्रयाग द्वारा वीर भड़ माधो सिंह भंडारी के जीवन और योगदान पर आधारित गीत एवं नृत्य नाटिका प्रस्तुत की जाएगी। इसके माध्यम से दर्शकों को उत्तराखंड के इस ऐतिहासिक लोकनायक की वीरता और जनसेवा से परिचित कराया जाएगा।

15 नवंबर को लोक जागर गायिका पम्मी नवल पारंपरिक जागरों की प्रस्तुति देंगी। इसी दिन लोक गायक रोहित चौहान और अनीषा रांगड़ उत्तराखंड की लोक संस्कृति पर आधारित गीतों एवं नृत्यों से दर्शकों का मनोरंजन करेंगे।

16 नवंबर की सांस्कृतिक संध्या में लोक गायक साहब सिंह रमोला, आकांक्षा रमोला, अमित खरे और स्वाति भट्ट अपनी प्रस्तुतियां देंगे। 17 नवंबर को हिमनाद बैंड के साथ लोक गायक विवेक नौटियाल और मंजू नौटियाल सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करेंगे।

18 नवंबर को लोक गायक संकल्प खेतवाल, अंजू तोमर और मनोज तोमर अपनी प्रस्तुतियों से सांस्कृतिक संध्या को आकर्षक बनाएंगे। वहीं 19 नवंबर को मेले की अंतिम सांस्कृतिक संध्या में उत्तराखंड का प्रसिद्ध पांडवाज बैंड अपनी विशिष्ट संगीत शैली के माध्यम से पहाड़ की लोक संस्कृति की छटा बिखेरेगा।

इन प्रमुख प्रस्तुतियों के अतिरिक्त मेला समिति ने विभिन्न स्थानीय सांस्कृतिक संस्थाओं और कलाकारों को भी कार्यक्रम में स्थान दिया है। इनमें प्रांतीय उद्योग व्यापार मंडल, कर्णप्रयाग के लोक गायक अरविंद कुमार, पथवार के पवन लभियाल, नंदा कला संगम गैरसैंण, लोक गायक अनिल रावत, भिलंगना सांस्कृतिक संस्था, सांस्कृतिक कला मंच गौचर, कलश संस्था, अरविंद नेगी, उमा शंकरी कला मंच कर्णप्रयाग, विमल बिष्ट, हिमांशु डबरियाल और लोक गायक अभिषेक सहित अन्य कलाकार एवं संस्थाएं शामिल हैं।

स्थानीय कलाकारों को प्राथमिकता दिए जाने से जहां उभरती प्रतिभाओं को अपनी कला प्रदर्शित करने का अवसर मिलेगा, वहीं नई पीढ़ी को उत्तराखंड की पारंपरिक लोक विधाओं, गीतों और नृत्यों से परिचित होने का मौका भी मिलेगा।

वरिष्ठ पत्रकार ललिता प्रसाद लखेड़ा को मिलेगा गोविंद प्रसाद नौटियाल स्मृति सम्मान

 

गौचर औद्योगिक विकास एवं सांस्कृतिक मेले के उद्घाटन अवसर पर चमोली जिले के बमोथ निवासी वरिष्ठ पत्रकार ललिता प्रसाद लखेड़ा को प्रतिष्ठित गोविंद प्रसाद नौटियाल स्मृति सम्मान से सम्मानित किया जाएगा।

गौचर मेला समिति द्वारा जारी सूचना के अनुसार 14 नवंबर को मेले के उद्घाटन समारोह में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी वरिष्ठ पत्रकार लखेड़ा को यह सम्मान प्रदान करेंगे।

मेला समिति ने इस वर्ष गोविंद प्रसाद नौटियाल स्मृति सम्मान के लिए वरिष्ठ पत्रकार ललिता प्रसाद लखेड़ा का चयन किया है। उन्हें मेले के उद्घाटन समारोह में सम्मानित किए जाने का कार्यक्रम निर्धारित किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!