कैंसर-रोधी 137 दवाओं पर टीएमआर के कार्यान्वयन की कड़ी निगरानी के निर्देश
नयी दिल्ली, 13 नवंबर । औषध विभाग के अंतर्गत राष्ट्रीय औषधि मूल्य निर्धारण प्राधिकरण (एनपीपीए) ने 17 अक्टूबर, 2026 को जारी राजपत्र अधिसूचना के तहत 137 गैर-अनुसूचित कैंसर-रोधी दवाओं पर व्यापार मार्जिन युक्तिकरण (टीएमआर) लागू किया है। इन दवाओं की संशोधित कीमतें 9 नवंबर से प्रभावी हो गई हैं। प्राधिकरण ने इनके क्रियान्वयन की कड़ी निगरानी के निर्देश दिए हैं।
कंपनियों से 11 नवंबर तक मिली जानकारी के आधार पर तैयार की गई संशोधित मूल्य सूचियां एनपीपीए की वेबसाइट और ‘फार्मा सही दाम’ ऐप तथा पोर्टल पर उपलब्ध हैं। निर्माताओं, खुदरा विक्रेताओं, डीलरों, स्टॉकिस्टों, अस्पतालों और चिकित्सा संस्थानों को संशोधित कीमतों का पालन करने तथा अपने व्यावसायिक परिसरों और वेबसाइटों पर अद्यतन मूल्य सूचियां प्रमुखता से प्रदर्शित करने को कहा गया है।
राज्य औषधि नियंत्रक करेंगे निगरानी
राज्य औषधि नियंत्रकों को निर्माताओं, डीलरों, अस्पतालों और चिकित्सा संस्थानों द्वारा नियमों के अनुपालन की निगरानी करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि संशोधित अधिकतम खुदरा मूल्य (एमआरपी) का लाभ मरीजों तक पहुंचे। निर्धारित कीमत से अधिक वसूली सहित किसी भी उल्लंघन पर औषधि मूल्य नियंत्रण आदेश, 2013 के तहत कार्रवाई की जा सकती है।
दवाओं की कीमत से अधिक वसूली, कमी या अनुपलब्धता से संबंधित शिकायतें ‘फार्मा सही दाम’ ऐप या पोर्टल, एनपीपीए हेल्पलाइन 1800-111-255 अथवा ई-मेल monitoring-nppa[at]gov[dot]in पर दर्ज कराई जा सकती हैं। राज्य औषधि नियंत्रकों को 16 नवंबर तक अपनी कार्रवाई रिपोर्ट एनपीपीए को सौंपने के निर्देश दिए गए हैं।

