क्षेत्रीय समाचार

पंत जयंती पर तलवाड़ी महाविद्यालय में विविध कार्यक्रम

थराली, 10 सितम्बर (हरेन्द्र बिष्ट)। स्वतंत्रता संग्राम सेनानी आलम सिंह फरस्वाण राजकीय महाविद्यालय तलवाड़ी में गुरुवार को भारत रत्न पंडित गोविंद बल्लभ पंत की जयंती उत्साहपूर्वक मनाई गई। इस अवसर पर महाविद्यालय में निबंध प्रतियोगिता सहित विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए।
प्रभारी प्राचार्य डॉ. प्रतिभा आर्या की अध्यक्षता में आयोजित समारोह का शुभारंभ पंडित गोविंद बल्लभ पंत के चित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। प्राध्यापकों एवं छात्र-छात्राओं ने उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए। कार्यक्रम के संयोजक डॉ. ललित जोशी ने पंडित पंत के जीवन, स्वतंत्रता आंदोलन में उनके योगदान और राष्ट्र निर्माण में उनकी भूमिका पर प्रकाश डाला।
इस अवसर पर आयोजित निबंध प्रतियोगिता में अंजलि पुरोहित ने प्रथम, अनमोल जोशी ने द्वितीय और रेणुका ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। जिलाधिकारी चमोली की ओर से महाविद्यालय के इन विजेताओं के लिए कुल 1900 रुपये की पुरस्कार राशि की घोषणा की गई।
कार्यक्रम में राष्ट्रीय शिक्षा नीति के तहत हाल में हुए बदलावों, विशेष रूप से पांचवें सेमेस्टर के बाद विषय चयन संबंधी नियमों, समर्थ पोर्टल और छात्रवृत्ति योजनाओं की जानकारी भी दी गई। डॉ. नीतू पांडे और मनोज कुमार ने छात्र-छात्राओं को इन व्यवस्थाओं से अवगत कराया।
इसके बाद परियोजना समन्वयक उद्यमिता विनोद नेगी ने एक दिवसीय उद्यमिता अभिमुखीकरण कार्यक्रम के तहत व्याख्यान दिया। उन्होंने विद्यार्थियों को उद्यमिता और स्वरोजगार की ओर बढ़ने तथा विभिन्न स्वरोजगार योजनाओं का लाभ उठाकर अपना भविष्य संवारने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम में डॉ. स्मिता तिवारी, डॉ. पुष्पा रानी, अनुज कुमार, सुधा राना, रजनी नेगी, डॉ. जमशेद अंसारी और डॉ. सुनील कुमार सहित महाविद्यालय के प्राध्यापकों एवं कर्मचारियों ने सक्रिय भूमिका निभाई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!