विज्ञान कक्षाएं शुरू नहीं हुईं तो 2027 के चुनाव में देंगे चौनघाट के लोग जवाब
सीएम की घोषणा के बावजूद कार्रवाई न होने पर 17वें दिन भी धरना जारी
गोपेश्वर, 10 जून (महिपाल गुसाईं)। विकासखंड नंदानगर (घाट) के राजकीय इंटर कॉलेज चौनघाट में विज्ञान वर्ग की कक्षाएं शुरू न होने से क्षेत्रवासियों और अभिभावकों में भारी नाराजगी है। मुख्यमंत्री की घोषणा के बावजूद इस सत्र से विज्ञान वर्ग का संचालन शुरू न होने के विरोध में प्रखंड मुख्यालय घाट में चल रहा धरना मंगलवार को 17वें दिन भी जारी रहा।
धरनारत लोगों ने कहा कि जब तक विज्ञान कक्षाओं के संचालन को लेकर ठोस निर्णय नहीं लिया जाता, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि क्षेत्र की इस लंबे समय से लंबित और न्यायोचित मांग की अनदेखी की गई तो वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में जनता इसका जवाब देगी।
धरने को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि राजकीय इंटर कॉलेज चौनघाट में विज्ञान वर्ग संचालित करने की मांग लंबे समय से उठाई जा रही है। मुख्यमंत्री द्वारा भी इसे अपनी घोषणाओं में शामिल किया जा चुका है, लेकिन अब तक धरातल पर कोई कार्रवाई नहीं हुई है। इससे क्षेत्र के छात्र-छात्राओं को विज्ञान विषय की पढ़ाई के लिए अन्य स्थानों का रुख करना पड़ रहा है।
वक्ताओं ने यह भी आरोप लगाया कि विज्ञान वर्ग शुरू कराने के लिए क्षेत्रीय विधायक की ओर से अपेक्षित प्रयास नहीं किए गए, जिससे लोगों में असंतोष बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि नंदानगर क्षेत्र के लोग लगातार आंदोलन को समर्थन दे रहे हैं और मांग पूरी होने तक संघर्ष जारी रहेगा।
धरने में पूर्व प्रमुख कर्ण सिंह नेगी, महेंद्र सिंह रावत, मोहनलाल कुनियाल, मोहन सिंह रावत, हिम्मत सिंह रावत, पूरन सिंह नेगी सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी मौजूद रहे।
