थाना पोखरी की दीवारें दे रहीं साइबर सुरक्षा का संदेश, जागरूकता अभियान बना आकर्षण का केंद्र

पोखरी, 10 जून (राणा)। बढ़ते साइबर अपराधों और ऑनलाइन ठगी के मामलों के बीच चमोली पुलिस लोगों को जागरूक करने के लिए नवाचारपूर्ण पहल कर रही है। इसी क्रम में थाना पोखरी परिसर की दीवारों को साइबर सुरक्षा संबंधी संदेशों और आकर्षक चित्रों से सजाकर जनजागरूकता का प्रभावी माध्यम बनाया गया है।
थानाध्यक्ष देवेंद्र कुमार पंत के नेतृत्व में चलाए गए इस अभियान के तहत थाना परिसर की दीवारों पर साइबर ठगी, फिशिंग, फर्जी क्यूआर कोड, कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) आधारित धोखाधड़ी तथा अन्य ऑनलाइन अपराधों से बचाव संबंधी संदेश अंकित किए गए हैं। इन संदेशों के माध्यम से लोगों को संदिग्ध लिंक, अज्ञात कॉल और ऑनलाइन लेनदेन के दौरान सतर्क रहने की सलाह दी जा रही है।
दीवारों पर प्रमुखता से यह भी लिखा गया है कि साइबर ठगी का शिकार होने पर तत्काल 1930 हेल्पलाइन पर संपर्क करें तथा राष्ट्रीय साइबर अपराध पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं। थाना परिसर में आने वाले फरियादी, स्थानीय नागरिक, छात्र-छात्राएं और राहगीर इन संदेशों को पढ़कर साइबर सुरक्षा से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी प्राप्त कर रहे हैं।
पुलिस का मानना है कि साइबर सुरक्षा का संदेश केवल सोशल मीडिया या विशेष कार्यक्रमों तक सीमित न रहकर जनजीवन का हिस्सा बनना चाहिए। इसी उद्देश्य से थाना परिसर को साइबर जागरूकता केंद्र के रूप में विकसित किया गया है, ताकि यहां आने वाला प्रत्येक व्यक्ति ऑनलाइन ठगी से बचाव के उपायों से अवगत हो सके।
पुलिस की इस पहल को क्षेत्र में सराहना मिल रही है और इसे साइबर अपराधों की रोकथाम की दिशा में एक सकारात्मक कदम माना जा रहा है।
फोटो : थाना पोखरी परिसर की दीवारों पर अंकित साइबर जागरूकता संबंधी संदेश।
