धर्म/संस्कृति/ चारधाम यात्रा

वांण स्थित लाटू देवता के मंदिर के कपाट परंपरागत विधि विधान से दर्शनार्थ खुल गये

 

 

-रिपोर्ट हरेंद्र बिष्ट-
थराली/देवाल, 23 अप्रैल।  पूर्व निर्धारित मुहूर्त के अनुसार मा नंदा भगवती और लाटू देवता के जोरदार  उद्घोष के साथ वांण स्थित लाटू धाम के कपाट भक्तों के दर्शनों एवं पूजा-अर्चना के लिए पारंपरिक  विधि विधान से खोल दिए गए है। इस मौके पर भारी संख्या में लाटू भक्तों ने मंदिर में लाटू देवता की पूजा अर्चना कर मनौतियां मांगी।

मंगलवार को प्रातः काल से ही लाटू धाम वांण के कपाट खोलने की प्रक्रिया शुरू की गई झोड़े,चाचरी का आयोजन करने के बाद दोपहर 12.30 बजे मंदिर के कपाट जोरदार शंखनाद , घंटियों की घनघनाहाट,बाजे भुंकरों के वादन एवं नंदा भगवती व लाटू देवता के जयकारे के बीच कपाट खोले गए। मंदिर के गर्भगृह में गुप्त पूजा के बाद मंदिर परिसर में नंदा भगवती, काली, गौलू देवता, लाटू देवता, हनुमान, दानू देवता, भैरव आदि देवताओं की स्तुति की गई तो कई लोगों पर इन देवी, देवताओं पर पश्वा अवतारित हुए जिन्होंने नाचते हुए श्रद्धालुओं को जो के देने दे कर आशीर्वाद दिया।

इस अवसर पर थराली के विधायक भूपाल राम टम्टा ने लाटू देवता के मंदिर में पूजा अर्चना करते हुए देश, प्रदेश एवं क्षेत्र की खुशहाली की प्रार्थना करते हुए नंदा व लाटू देवता के भक्तों को कपाट खुलने की बधाई दी।इस मौके पर जिला पंचायत सदस्य कृष्णा बिष्ट, प्रधान पुष्पा देवी, क्षेत्र पंचायत सदस्य रामेश्वरी देवी,उप प्रधान भाग सिंह, मंदिर कमेटी के अध्यक्ष कृष्णा बिष्ट, पंडित उमेश कुनियाल, रमेश कुनियाल,हरी दत्त कुनियाल,सरपंच महिपाल सिंह, कमेटी के सचिव खिलाप सिंह, कोषाध्यक्ष हीरा सिंह बुग्याली, पूर्व क्षेपंस हीरा सिंह पहाड़ी, मंदिर के पूजारी ,खीम सिंह बिष्ट,सुंदर सिंह बिष्ट, प्रताप सिंह बिष्ट, पूर्व रेंजर त्रिलोक सिंह बिष्ट,धन सिंह, गब्बर सिंह,दिवान सिंह, हुकम सिंह, देवेंद्र सिंह, भाजपा नेता गिरीश चमोला भाजपा मंडल अध्यक्ष उमेश मिश्रा, महामंत्री आंनद बिष्ट सहित सैकड़ों नंदा एवं लाटू भक्तों आदि मौजूद रहे।


—–
कपाट खुलने के दौरान मंदोली राइडर्स क्लब के कलम सिंह बिष्ट के नेतृत्व में साईकिलर्स बालिकाओं के द्वारा अपने साईकिलों के साथ पर्यावरण बचाने के साथ प्रर्दशनी विशेष आकर्षण का केंद्र रही। विधायक के साथ फोटो खिंचवाने के दौरान बालिकाएं उत्साहित दिखी।
————
लाटू धाम के मंदिर के अंदर मुख्य पुजारी कपाट खोलने एवं बंद करने के दौरान मुंह एवं आंखों में पट्टी बांध कर गृर्भगृह में जा कर पूजा अर्चना करने के बाद गर्भगृह के कपाट को बंद कर देता है। गृर्भगृह के अंदर क्या हैं इससे आज भी सभी लोग अनभिज्ञ हैं। मान्यता है कि अंदर रखी रहस्यमय वस्तु को जो कोई खुली आंखों से देख लेगा उसका सर्वनाश हो जाएगा इसी भय के चलते कोई भी इसके अंदर रखी वस्तु को देखने का जोखिम नही उठाता है। बताया जाता है कि गर्भगृह के अंदर एक पाथा (पहाड़ी क्षेत्रों में राशन मापने का लकड़ी की बनी वस्तुं) को उल्टा रखा गया है।इसी के अंदर कोई रहस्यमई वस्तु होने का अनुमान है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!