Front Pageधर्म/संस्कृति/ चारधाम यात्रा

अक्षय तृतीया पर खुले गंगोत्री-यमुनोत्री के कपाट, चारधाम यात्रा 2026 का हुआ विधिवत शुभारंभ

उत्तरकाशी, 19 अप्रैल। अक्षय तृतीया के पावन पर्व पर रविवार को वैदिक मंत्रोच्चारण और विधि-विधान के साथ गंगोत्री और यमुनोत्री धाम के कपाट श्रद्धालुओं के दर्शनार्थ खोल दिए गए। इसके साथ ही उत्तराखण्ड की चारधाम यात्रा-2026 का औपचारिक शुभारंभ भी हो गया। परंपरा के अनुसार दोनों धामों में प्रधानमंत्री के नाम से पहली पूजा संपन्न कराई गई।

धार्मिक मान्यताओं के अनुसार मां गंगा की उत्सव डोली भैरव घाटी स्थित भैरव मंदिर से प्रस्थान कर गंगोत्री धाम पहुंची। यहां विशेष पूजा-अभिषेक के बाद ठीक 12 बजकर 15 मिनट पर गंगोत्री मंदिर के कपाट श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए गए। दूसरी ओर मां यमुना की डोली शनिदेव महाराज की अगुवाई में शीतकालीन प्रवास स्थल खरसाली से यमुनोत्री धाम पहुंची, जहां विधिवत पूजा-अर्चना के उपरांत 12 बजकर 35 मिनट पर यमुनोत्री मंदिर के कपाट श्रद्धालुओं के दर्शनार्थ खोल दिए गए।

गंगोत्री धाम में आयोजित कपाटोद्घाटन समारोह में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भाग लेते हुए मां गंगा के मंदिर में शीश नवाया और विशेष पूजा-अर्चना कर देव डोली से आशीर्वाद प्राप्त किया।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि अक्षय तृतीया के शुभ अवसर पर चारधाम यात्रा का विधिवत शुभारंभ होना राज्य के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि उत्तराखण्ड के चारधाम देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं के लिए आस्था के प्रमुख केंद्र हैं और इन दिव्य धामों के दर्शन की अभिलाषा हर श्रद्धालु के मन में रहती है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि चारधाम यात्रा को सुरक्षित, सुव्यवस्थित और सुगम बनाने के लिए राज्य सरकार द्वारा व्यापक और सुदृढ़ व्यवस्थाएं की गई हैं। श्रद्धालुओं की सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए सभी आवश्यक मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित की गई है। साथ ही यात्रा मार्गों पर सुचारु यातायात व्यवस्था बनाए रखने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का प्रयास है कि देवभूमि उत्तराखण्ड आने वाले प्रत्येक श्रद्धालु को दिव्य धामों का आशीर्वाद प्राप्त होने के साथ-साथ यात्रा का सुरक्षित, सुखद और अविस्मरणीय अनुभव मिले। मुख्यमंत्री ने सभी श्रद्धालुओं से ग्रीन और क्लीन चारधाम यात्रा के सफल आयोजन में सहयोग देने की अपील करते हुए स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण के प्रति सजग रहने का भी आह्वान किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!