सीएचसी थराली में सुविधाओं की मांग को लेकर प्रधान संघ का प्रदर्शन, उग्र आंदोलन की चेतावनी
-हरेंद्र बिष्ट की रिपोर्ट-
थराली, 4 जुलाई। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) थराली में मूलभूत स्वास्थ्य सुविधाओं की मांग को लेकर शनिवार को प्रधान संघ के बैनर तले पंचायत प्रतिनिधियों ने जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने पहले सीएचसी परिसर में धरना दिया, इसके बाद सीएचसी से तहसील कार्यालय तक जुलूस निकालकर नारेबाजी की और मुख्यमंत्री के नाम उपजिलाधिकारी के माध्यम से ज्ञापन भेजा। उन्होंने मांगें पूरी नहीं होने पर उग्र आंदोलन तथा आगामी विधानसभा चुनावों के बहिष्कार की चेतावनी दी।
प्रदर्शन के दौरान प्रधान संघ के सदस्यों ने हाल ही में गर्भवती महिला सरिता देवी की आकस्मिक मृत्यु पर दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।
गौरतलब है कि कुछ दिन पूर्व सीएचसी थराली से कर्णप्रयाग रेफर की गई गर्भवती महिला सरिता देवी की एंबुलेंस में रास्ते में ही मृत्यु हो गई थी। इस दर्दनाक घटना में जच्चा और बच्चा दोनों की मौत के बाद क्षेत्र में सीएचसी की स्वास्थ्य सेवाओं और व्यवस्थाओं को लेकर लोगों में भारी आक्रोश है। इससे पहले कांग्रेस और उत्तराखंड क्रांति दल भी अस्पताल की बदहाल व्यवस्थाओं के विरोध में सांकेतिक धरना-प्रदर्शन कर ज्ञापन सौंप चुके हैं।
शनिवार को ब्लॉक क्षेत्र के प्रधान सीएचसी परिसर में एकत्र हुए और अस्पताल की अव्यवस्थाओं के खिलाफ नारेबाजी करते हुए सांकेतिक धरना दिया। वक्ताओं ने कहा कि पर्याप्त चिकित्सक, उपकरण और अन्य आवश्यक सुविधाओं के अभाव में क्षेत्र की जनता को गंभीर परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
इसके बाद प्रधान संघ के नेतृत्व में जुलूस नगर पंचायत के विभिन्न मार्गों से होते हुए तहसील कार्यालय पहुंचा, जहां प्रदर्शन के बाद एसडीएम यशवीर सिंह के माध्यम से मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजा गया।
ज्ञापन में सीएचसी थराली में अल्ट्रासाउंड, हार्ट मॉनिटर, ईसीजी जैसी आवश्यक चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा स्त्री रोग विशेषज्ञ, बाल रोग विशेषज्ञ सहित अन्य विशेषज्ञ चिकित्सकों की शीघ्र नियुक्ति की मांग की गई है।
प्रधान संगठन के अध्यक्ष राजेंद्र रावत ने कहा कि यदि एक सप्ताह के भीतर मांगों पर सकारात्मक कार्रवाई नहीं हुई तो प्रधान संघ उग्र आंदोलन शुरू करेगा और आगामी विधानसभा चुनावों के बहिष्कार पर भी विचार करेगा।
इस अवसर पर संघ के उपाध्यक्ष केदार दत्त देवराड़ी, महासचिव विजय लाल, सचिव मंजू देवी, उपसचिव मनवर सिंह, कोषाध्यक्ष प्रमोद जोशी, तथा चमेली देवी, दीपा देवी, गीता देवी, हेमलता गड़िया, अनिता देवी, मुकेश बिष्ट और आशीष परिहार सहित अनेक पंचायत प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
