क्षेत्रीय समाचार

दूरस्थ बलाण गांव से प्रसव पीड़ा से जूझ रही महिला को हेली लिफ्ट कर पहुंचाया हायर सेंटर

-हरेंद्र बिष्ट की रिपोर्ट-
थराली, 20 अप्रैल। उत्तराखंड के अंतिम गांवों में शुमार बलाण गांव में प्रसव पीड़ा से जूझ रही एक महिला को थराली विधायक भूपाल राम टम्टा एवं देवाल प्रमुख तेजपाल सिंह रावत के प्रयासों से हेली लिफ्ट कर हायर सेंटर पहुंचाया गया। महिला के परिजनों ने विधायक एवं ब्लॉक प्रमुख के प्रयासों के लिए आभार व्यक्त किया।

सोमवार को थराली विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत विकासखंड देवाल की सुदूरवर्ती ग्राम पंचायत बलाण में गंभीर प्रसव पीड़ा से जूझ रही महिला तुलसी देवी, पत्नी राजेंद्र राम, की स्थिति की सूचना मिलते ही देवाल के ब्लॉक प्रमुख तेजपाल सिंह रावत ने तत्काल थराली विधायक भूपाल राम टम्टा से संपर्क किया। इस पर विधायक ने उत्तराखंड सरकार एवं जिला प्रशासन से वार्ता कर हेली एंबुलेंस की व्यवस्था कराई।

दोपहर करीब 3 बजे प्रसव पीड़ा से जूझ रही महिला को हेलीकॉप्टर के माध्यम से एयरलिफ्ट कर हायर सेंटर भेजा गया, जिससे समय रहते उसे बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जा सकी।

महिला को सुरक्षित एयरलिफ्ट किए जाने पर थराली विधायक भूपाल राम टम्टा ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि पर्वतीय क्षेत्रों के विषम भौगोलिक परिस्थितियों वाले सीमांत जिलों के लिए आपातकालीन हेली सेवा किसी वरदान से कम नहीं है। उन्होंने कहा कि संकट के समय त्वरित सहायता सुनिश्चित करना तथा मातृ-शिशु सुरक्षा के प्रति यह संवेदनशीलता सरकार की आम एवं गरीब जनता के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!