क्षेत्रीय समाचार

देवाल टैक्सी स्टैंड पर हॉटमिक्स और इंटरलॉकिंग टाइल लगाने की मांग

थराली, 17 अक्टूबर (हरेन्द्र बिष्ट)। विकासखंड मुख् टैक्सी स्टैंड की बदहाल स्थिति में सुधार लाने तथा पूरे परिसर में हॉटमिक्स अथवा इंटरलॉकिंग टाइल लगाने की मांग को लेकर स्थानीय जनप्रतिनिधियों और व्यापारियों के एक शिष्टमंडल ने उपजिलाधिकारी थराली यदुवीर सिंह रावत को संयुक्त हस्ताक्षरयुक्त ज्ञापन सौंपा। उपजिलाधिकारी ने इस संबंध में आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
शनिवार को शिष्टमंडल ने उपजिलाधिकारी से मुलाकात कर बताया कि देवाल का टैक्सी स्टैंड बहुउपयोगी स्थल है। यहां वाहनों की पार्किंग के अलावा समय-समय पर विभिन्न सामाजिक एवं सार्वजनिक कार्यक्रम भी आयोजित किए जाते हैं। इसके बावजूद स्टैंड की स्थिति खराब बनी हुई है, जिससे वाहन चालकों और स्थानीय लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
ज्ञापन में कहा गया कि वर्तमान में थराली-देवाल-वाण मोटर मार्ग पर हॉटमिक्स का कार्य चल रहा है, लेकिन लोक निर्माण विभाग केवल सड़क की निर्धारित चौड़ाई में ही हॉटमिक्स कर रहा है। सड़क के दोनों ओर स्थित पार्किंग स्थल की स्थिति खराब होने के बावजूद उसे सुधारने की कोई व्यवस्था नहीं की गई है। शिष्टमंडल ने मांग की कि सड़क पर चल रहे कार्य के साथ ही पूरे टैक्सी स्टैंड परिसर में भी हॉटमिक्स किया जाए अथवा इंटरलॉकिंग टाइल लगाई जाएं।
उपजिलाधिकारी यदुवीर सिंह रावत ने जनप्रतिनिधियों की मांग पर जिलाधिकारी चमोली को पत्र भेजकर आवश्यक दिशा-निर्देश जारी करने का अनुरोध किया है।

शिष्टमंडल ने लोक निर्माण विभाग थराली के अधिशासी अभियंता मनीष डोगरा से भी मुलाकात कर उन्हें ज्ञापन सौंपा। अधिशासी अभियंता ने बताया कि उच्चाधिकारियों से आवश्यक दिशा-निर्देश मिलने के बाद ही इस संबंध में आगे की कार्रवाई की जा सकेगी।
ज्ञापन पर देवाल के ब्लॉक प्रमुख तेजपाल रावत, व्यापार संघ अध्यक्ष चंद्र सिंह रावत, वरिष्ठ उपाध्यक्ष पुष्कर सिंह बिष्ट, भाजपा आपदा राहत प्रकोष्ठ के प्रदेश सह संयोजक नरेन्द्र बिष्ट, ग्राम प्रधान कविता मिश्रा, लखन सिंह रावत सहित कई जनप्रतिनिधियों एवं स्थानीय लोगों के हस्ताक्षर हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!