Front Page

ऊधम सिंह के बलिदान को नमन, मुख्यमंत्री ने गदरपुर में दी श्रद्धांजलि

गदरपुर, 31 जुलाई। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शहीद-ए-आजम ऊधम सिंह के शहादत दिवस पर गदरपुर स्थित कम्बोज धर्मशाला पहुंचकर उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान उन्होंने आयोजित अखंड पाठ में भाग लिया, गुरुद्वारे में मत्था टेककर प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना भी की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि शहीद ऊधम सिंह का त्याग, साहस और राष्ट्रभक्ति प्रत्येक भारतीय के लिए प्रेरणा का स्रोत है। उन्होंने कहा कि जलियांवाला बाग हत्याकांड भारतीय इतिहास का सबसे दर्दनाक अध्याय था और ऊधम सिंह ने इस अमानवीय अत्याचार का प्रतिकार कर दुनिया के सामने भारत के स्वाभिमान, साहस और अडिग संकल्प का परिचय दिया।

उन्होंने कहा कि ऊधम सिंह का जीवन साहस, स्वाभिमान, राष्ट्रभक्ति और बलिदान का संदेश देता है। उनका त्याग देशवासियों में राष्ट्र के प्रति समर्पण और देशभक्ति की भावना को मजबूत करता है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सेवा, त्याग, मानवता और राष्ट्रभक्ति की प्रेरणा श्री गुरु ग्रंथ साहिब की पावन वाणी से मिलती है। गुरु साहिब की शिक्षाएं करुणा, सत्य, भाईचारे और निस्वार्थ सेवा का मार्ग दिखाती हैं तथा पूरे समाज को प्रेरित करती हैं।

उन्होंने कहा कि उत्तराखंड के विकास में सिख समाज का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। मुख्यमंत्री ने लोगों से शहीद ऊधम सिंह के आदर्शों को जीवन में अपनाकर राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में प्रभारी मंत्री प्रदीप बत्रा, विधायक अरविंद पाण्डेय, शिव अरोरा एवं त्रिलोक सिंह चीमा, भाजपा जिलाध्यक्ष कमल जिंदल, मेयर विकास शर्मा, दीपक बाली, दर्जा राज्य मंत्री अनिल कपूर डब्बू सहित अनेक जनप्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!