क्षेत्रीय समाचारपर्यावरण

विश्व पर्यावरण दिवस पर पोखरी में विशेष स्वच्छता अभियान जारी, लोगों को किया जागरूक

पोखरी, 7 जून (राणा)। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर नगर पंचायत पोखरी द्वारा संचालित विशेष स्वच्छता अभियान के तहत रविवार को गुनियाला वार्ड के तमलखानी और राजेंद्र नगर क्षेत्रों में व्यापक सफाई अभियान चलाया गया। इस दौरान कूड़ा-कचरा एकत्रित कर उसका निस्तारण किया गया तथा स्थानीय लोगों को स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक किया गया।
नगर पंचायत अध्यक्ष सोहन लाल एवं अधिशासी अधिकारी बीना नेगी के निर्देशन में शहरी विकास मंत्रालय तथा निदेशालय के निर्देशानुसार 5 जून से प्रारंभ हुआ यह विशेष स्वच्छता अभियान 12 जून तक जारी रहेगा।
रविवार को पर्यावरण पर्यवेक्षक अनुराग रावत के नेतृत्व में पर्यावरण मित्रों ने नालियों की सफाई कर उनमें जमा कचरे को हटाया। साथ ही सार्वजनिक स्थलों पर बिखरे कूड़े का संग्रहण कर उसका उचित निस्तारण किया गया।
अभियान के दौरान स्थानीय नागरिकों से जैविक एवं अजैविक कचरे को अलग-अलग रखने तथा खुले स्थानों पर कूड़ा न फेंकने की अपील की गई। लोगों से नगर पंचायत के कूड़ा संग्रहण वाहन का उपयोग करने और अपने घरों व आसपास नियमित साफ-सफाई बनाए रखने का आग्रह भी किया गया।
नगर पंचायत अध्यक्ष सोहन लाल तथा अधिशासी अधिकारी बीना नेगी ने कहा कि गंदगी अनेक बीमारियों का प्रमुख कारण है। उन्होंने नगरवासियों से स्वच्छता अभियान में सक्रिय सहभागिता निभाने का आह्वान करते हुए कहा कि सभी के सामूहिक प्रयासों से ही “स्वच्छ पोखरी, सुंदर पोखरी” का लक्ष्य साकार हो सकता है। उन्होंने नागरिकों से अपने आसपास का वातावरण स्वच्छ रखने तथा पर्यावरण संरक्षण में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!