ब्लॉगविज्ञान प्रोद्योगिकी

वह रहस्यमयी अंतरिक्ष पिंड जिसकी चाल वैज्ञानिकों को उलझा रही है

गुरुत्वाकर्षण से अलग सूर्य का विकिरण बल भी कर सकता है इसे प्रभावित; धूमकेतु या सोवियत यान होने की अटकलों पर अब भी बहस

 

— अलेक्जेंडर नाजारियन

1998 KY26 नाम का छोटा अंतरिक्ष पिंड सूर्य की परिक्रमा करता है, लेकिन उसकी गति में ऐसे बदलाव देखे गए हैं जिन्हें केवल गुरुत्वाकर्षण से नहीं समझाया जा सकता। करीब 11 मीटर (36 फुट) व्यास वाले इस पिंड की असामान्य चाल ने वैज्ञानिकों के बीच सवाल खड़े किए हैं: क्या यह क्षुद्रग्रह है, धूमकेतु है या कुछ और?

इसकी गति में बदलाव बहुत मामूली है, लेकिन मापने योग्य है। इसी कारण वैज्ञानिकों ने अलग-अलग संभावनाओं पर विचार किया। एक अनुमान था कि यह “डार्क कॉमेट” यानी ऐसा धूमकेतु हो सकता है जिसकी बर्फ से गैस तो निकलती हो, लेकिन धूल की चमकीली पूंछ दिखाई न देती हो। सूर्य की गर्मी से बर्फ सीधे गैस में बदलती है। इस प्रक्रिया को ऊर्ध्वपातन कहते हैं और इससे किसी पिंड की गति प्रभावित हो सकती है।

हालांकि, इकारस पत्रिका में प्रकाशित नए अध्ययन ने इस व्याख्या पर सवाल उठाया है। अध्ययन के अनुसार, 1998 KY26 का औसत तापमान करीब माइनस 53 डिग्री फ़ारेनहाइट है—ऐसा तापमान, जिस पर सतह की बर्फ टिके रहने की संभावना कम मानी जाती है। मिशिगन स्टेट यूनिवर्सिटी के भौतिकी और खगोल विज्ञान के सहायक प्रोफेसर डेरिल जेड. सेलिगमैन, जो डार्क कॉमेट की परिकल्पना के प्रमुख समर्थकों में हैं, ने कहा कि पिंड की सतह बहुत गर्म है। इससे बर्फ के कारण होने वाले त्वरण की सरल व्याख्या कमजोर पड़ती है।

सेलिगमैन के मुताबिक, पृथ्वी के निकट के छोटे पिंडों का अध्ययन कठिन है। वे छोटे और धुंधले होते हैं, इसलिए उनके बारे में उपलब्ध आंकड़े भी सीमित हैं। यही वजह है कि उनकी प्रकृति और गति को समझने में अनिश्चितता बनी रहती है।

इस पिंड को लेकर एक और अधिक असाधारण दावा हार्वर्ड के खगोल भौतिक विज्ञानी अवी लोएब ने किया। उन्होंने संभावना जताई कि 1998 KY26 क्षुद्रग्रह या धूमकेतु नहीं, बल्कि सोवियत संघ का फोबोस 1 अंतरिक्ष यान हो सकता है। फोबोस 1 को 1988 में मंगल ग्रह की ओर भेजा गया था, लेकिन करीब दो महीने बाद उससे संपर्क टूट गया था। लोएब ने यह विचार एक शोधपत्र में रखा। हालांकि, नासा प्रशासक जेरेड इसाकमैन ने कहा कि इस पिंड के अंतरिक्ष यान होने का कोई प्रमाण नहीं है। शोधकर्ता ब्राइस टी. बोलिन ने भी इस संभावना पर संदेह जताते हुए कहा कि पिंड का घनत्व चट्टान के घनत्व जैसा है।

इसकी गति को समझने में इसके आकार के नए आकलन ने अहम भूमिका निभाई है। 2025 के एक शोधपत्र में इसका व्यास पहले के अनुमान से करीब एक-तिहाई बताया गया। इसके बाद नासा की जेट प्रोपल्शन लेबोरेटरी के नेविगेशन इंजीनियर डेविड फारनोचिया और उनके सहयोगियों ने सुझाव दिया कि सूर्य का विकिरण बल इसकी गति में बदलाव ला सकता है।

सूर्य का प्रकाश फोटॉन से बना होता है। फोटॉन बहुत कम मात्रा में गति वहन करते हैं, लेकिन उनकी बड़ी संख्या किसी छोटे पिंड पर दबाव डाल सकती है। इसे विकिरण दबाव कहते हैं। इसके साथ यार्कोवस्की प्रभाव भी काम कर सकता है: कोई पिंड सूर्य की रोशनी से गर्म होकर जब ऊष्मा छोड़ता है, तो उससे भी उसकी गति और कक्षा में थोड़ा बदलाव आ सकता है। नासा ने अपने एक बयान में कहा है कि 1998 KY26 पर सौर विकिरण बल काम कर रहे हैं।

जापान की अंतरिक्ष एजेंसी हायाबुसा2 यान से इस पिंड तक पहुंचकर उसके रहस्य जानने की योजना बना रही थी। यान को 2031 में वहां पहुंचना था, लेकिन इंजन में खराबी के कारण यह अभियान रद्द कर दिया गया है। अब हायाबुसा2 को क्षुद्रग्रह 2015 BM510 की ओर भेजा जाएगा, जहां उसके 2028 या 2029 तक पहुंचने की उम्मीद है।

सेलिगमैन ने कहा है कि 1998 KY26 से पृथ्वी को टकराने का खतरा नहीं है। पृथ्वी के निकट आने वाले पिंडों पर नजर रखने वाली नासा की ग्रह रक्षा व्यवस्था ऐसे खतरों की निगरानी करती है। फिलहाल इस छोटे अंतरिक्ष पिंड की असामान्य गति के लिए सूर्य का विकिरण बल एक संभावित स्पष्टीकरण है; इसकी प्रकृति पर अंतिम निष्कर्ष के लिए आगे के अध्ययन जरूरी होंगे।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!