क्षेत्रीय समाचार

पोखरी में स्वरोजगार को बढ़ावा देने के लिए स्वनिधि लोक कल्याण मेला शुरू

 

पोखरी, 10 जून (राणा)। छोटे व्यापारियों एवं काश्तकारों को आत्मनिर्भर बनाने तथा स्वरोजगार को बढ़ावा देने के उद्देश्य से नगर पंचायत पोखरी में प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के तहत लोक कल्याण मेले का शुभारंभ किया गया। मेले का उद्घाटन नगर पंचायत अध्यक्ष सोहन लाल ने किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में व्यापारियों और काश्तकारों ने भाग लेकर योजना की जानकारी प्राप्त की।
नगर पंचायत अध्यक्ष सोहन लाल ने बताया कि प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के अंतर्गत पात्र लाभार्थियों को 15 हजार से 30 हजार रुपये तक का ऋण सरल शर्तों पर उपलब्ध कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस ऋण की सहायता से छोटे व्यापारी एवं काश्तकार अपना स्वरोजगार स्थापित कर आर्थिक रूप से सशक्त बन सकते हैं। योजना का लाभ ग्रामीण क्षेत्रों के पात्र लाभार्थी भी उठा सकेंगे।
उन्होंने बताया कि नगर पंचायत में आवश्यक औपचारिकताएं पूर्ण करने के बाद भारतीय स्टेट बैंक, पोखरी तथा उत्तराखंड ग्रामीण बैंक, विनायकधार शाखा के माध्यम से ऋण वितरित किया जाएगा। 30 जून तक आयोजित होने वाले इस मेले के पहले दिन 40 व्यापारियों और काश्तकारों ने पंजीकरण कराया।
इस अवसर पर भारतीय स्टेट बैंक के शाखा प्रबंधक सोहन सिंह रावत तथा उत्तराखंड ग्रामीण बैंक के शाखा प्रबंधक अनिल रौतेला ने विभिन्न स्वरोजगार एवं ऋण योजनाओं की जानकारी देते हुए बैंकिंग प्रक्रियाओं से अवगत कराया।
कार्यक्रम में नगर पंचायत की अधिशासी अधिकारी बीना नेगी, राज्य महिला आयोग की सदस्य वत्सला सती, सिटी मिशन मैनेजर सुरेन्द्र सिंह पंवार, पार्षद गिरीश किमोठी, देवेन्द्र कुमार, प्रशांत पंत, आशीष चमोला, अनिरुद्ध कंडारी सहित अन्य जनप्रतिनिधि, नगर पंचायत कर्मी, व्यापारी और काश्तकार उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!