Front Page

भाजपा के वरिष्ठ नेता वीरेंद्र सिंह बिष्ट का निधन, धामी और भट्ट ने जताया शोक

 

देहरादून, 3 सितंबर। भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता, उत्तराखंड भाजपा के पूर्व प्रदेश प्रवक्ता एवं पूर्व दर्जाधारी राज्यमंत्री वीरेंद्र सिंह बिष्ट का गुरुवार को लंबी बीमारी के बाद निधन हो गया। उनके निधन से भाजपा संगठन और उनके गृह क्षेत्र रुद्रप्रयाग में शोक की लहर है।
वीरेंद्र सिंह बिष्ट लंबे समय से उत्तराखंड की राजनीति और सामाजिक क्षेत्र में सक्रिय रहे। मूल रूप से रुद्रप्रयाग जिले के रहने वाले बिष्ट ने अपने राजनीतिक जीवन की शुरुआत कांग्रेस से की थी। बाद में वे भारतीय जनता पार्टी में शामिल हो गए और पार्टी संगठन में विभिन्न महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां संभालीं।
भाजपा में सक्रिय रहते हुए बिष्ट ने प्रदेश प्रवक्ता के रूप में लंबे समय तक पार्टी का पक्ष विभिन्न मंचों पर रखा। उन्हें राज्य सरकार में दर्जाधारी राज्यमंत्री का दायित्व भी मिला था। जमीनी राजनीति से जुड़े बिष्ट रुद्रप्रयाग जिले के खांखरा वार्ड से जिला पंचायत सदस्य भी रहे। क्षेत्र के सामाजिक और विकास संबंधी मुद्दों को उठाने में वे सक्रिय भूमिका निभाते रहे।
बिष्ट के निधन पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गहरा शोक व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि वीरेंद्र सिंह बिष्ट का निधन भाजपा परिवार और प्रदेश के लिए अपूरणीय क्षति है। उन्होंने पार्टी संगठन और जनसेवा के क्षेत्र में लंबे समय तक महत्वपूर्ण योगदान दिया। मुख्यमंत्री ने दिवंगत आत्मा की शांति और शोक संतप्त परिजनों को इस दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की ईश्वर से प्रार्थना की।
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने भी बिष्ट के निधन पर दुःख व्यक्त करते हुए इसे पार्टी संगठन के लिए बड़ी क्षति बताया। उन्होंने कहा कि बिष्ट ने संगठन की विभिन्न जिम्मेदारियों का निर्वहन पूरी निष्ठा के साथ किया और कार्यकर्ताओं के बीच उनकी अलग पहचान थी।
वीरेंद्र सिंह बिष्ट के निधन की सूचना मिलते ही भाजपा नेताओं, कार्यकर्ताओं और उनके समर्थकों ने शोक संवेदना व्यक्त की। रुद्रप्रयाग जिले में भी उनके निधन पर विभिन्न राजनीतिक और सामाजिक संगठनों से जुड़े लोगों ने श्रद्धांजलि अर्पित की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!