सेवा पखवाड़ा: ऋषिकेश में 20 हजार से अधिक लोगों ने लिया सरकारी योजनाओं का लाभ

ऋषिकेश, 4 जुलाई । । राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) गुरमीत सिंह और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को आईडीपीएल ग्राउंड, ऋषिकेश में आयोजित सेवा पखवाड़ा कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। इस अवसर पर 20 हजार से अधिक लोगों की उपस्थिति रही। विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे नागरिकों ने पुष्पवर्षा कर राज्यपाल और मुख्यमंत्री का स्वागत किया तथा मुख्यमंत्री धामी के सफल पांच वर्ष के कार्यकाल पर उन्हें बधाई दी।
सेवा पखवाड़ा के अंतर्गत आयोजित बहुउद्देशीय शिविर में देहरादून, हरिद्वार और टिहरी जनपदों के विभिन्न विभागों ने संयुक्त रूप से अपनी सेवाएं प्रदान कीं। “इंटीग्रेटेड एफर्ट्स” (एकीकृत प्रयास) की अवधारणा के तहत आमजन की समस्याओं का मौके पर ही समाधान किया गया तथा पात्र लाभार्थियों को विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराया गया।
शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों पर लोगों को सरकारी योजनाओं की जानकारी देने के साथ-साथ तत्काल आवेदन और लाभ वितरण की व्यवस्था भी की गई। इससे नागरिकों को एक ही स्थान पर कई विभागों की सेवाएं प्राप्त हुईं।
विशाल स्वास्थ्य शिविर में विशेषज्ञ चिकित्सकों ने 1,009 मरीजों की जांच और उपचार किया। इनमें 212 हड्डी रोग, 70 स्त्री रोग तथा 81 नेत्र, नाक एवं कान संबंधी रोगियों का परीक्षण किया गया। इसके अलावा 13 बच्चों का टीकाकरण किया गया, 15 आयुष्मान कार्ड तथा 20 आभा कार्ड बनाए गए। शिविर में 95 एक्स-रे और 70 रक्त जांचें भी की गईं। आयुष विभाग ने 310 लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण कर उन्हें निःशुल्क औषधियां वितरित कीं, जबकि 23 दिव्यांगजनों के दिव्यांग प्रमाण-पत्रों के लिए ऑनलाइन पंजीकरण किया गया।
समाज कल्याण विभाग ने विधवा, वृद्धावस्था एवं दिव्यांग पेंशन के 75 नए प्रकरणों को मौके पर स्वीकृति प्रदान की तथा 10 यूडीआईडी कार्ड जारी किए। वहीं 280 दिव्यांगजनों को सहायक उपकरण वितरित किए गए। कृषि, उद्यान, उद्योग, डेयरी, मत्स्य, रेशम, पशुपालन तथा लीड बैंक सहित विभिन्न विभागों ने 1,200 से अधिक लाभार्थियों को अपनी योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराया।
उत्कृष्ट कार्य करने वालों को किया सम्मानित
कार्यक्रम के दौरान राज्यपाल और मुख्यमंत्री ने लघु उद्योगों, स्वयं सहायता समूहों तथा विभिन्न विभागों की योजनाओं के उत्कृष्ट लाभार्थियों को सम्मानित किया। सहकारिता विभाग के अंतर्गत पंजीकृत पांच स्वयं सहायता समूहों को उत्कृष्ट कार्य के लिए प्रत्येक को पांच-पांच लाख रुपये की पुरस्कार राशि प्रदान की गई।
कौशल विकास एवं सेवायोजन विभाग के माध्यम से प्रशिक्षण प्राप्त करने के बाद अल्मोड़ा, देहरादून और टिहरी के तीन युवाओं का जापान में रोजगार के लिए चयन होने पर भी उन्हें सम्मानित किया गया। इन युवाओं को लगभग एक लाख रुपये प्रतिमाह के वेतन पर रोजगार मिला है, जिसे प्रदेश के युवाओं के लिए प्रेरणादायी उपलब्धि बताया गया।
इसके अलावा मत्स्य विभाग के एक, उद्यान विभाग के एक, उद्योग विभाग के तीन तथा डेयरी विभाग के एक लाभार्थी को अपने-अपने क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य और उल्लेखनीय उपलब्धियों के लिए राज्यपाल और मुख्यमंत्री ने सम्मानित किया।
