क्षेत्रीय समाचार

उत्तरकाशी में मतदाता सूची शुद्धिकरण अभियान में तेजी, कई बूथों पर डिजिटाइजेशन 100 प्रतिशत पूरा

 

उत्तरकाशी, 26 जून (सूचना)। विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत जिले में मतदाता सूची को त्रुटिरहित एवं शुद्ध बनाने के लिए चलाया जा रहा अभियान युद्धस्तर पर जारी है। निर्वाचन विभाग की टीमें तेजी से डिजिटाइजेशन और शुद्धिकरण का कार्य पूरा करने में जुटी हैं। जिले की तीनों विधानसभा क्षेत्रों में अब तक मतदाता सूची का कुल 78.31 प्रतिशत डिजिटाइजेशन पूरा किया जा चुका है। कई मतदान केंद्रों पर यह कार्य शत-प्रतिशत संपन्न हो गया है।
सबसे बेहतर प्रगति पुरोला विधानसभा क्षेत्र में दर्ज की गई है, जहां 45 मतदान केंद्रों पर मतदाता सूची का डिजिटाइजेशन पूरी तरह पूरा हो चुका है। यमुनोत्री विधानसभा में भी अभियान तेज गति से आगे बढ़ रहा है और यहां 41 मतदान केंद्रों पर शत-प्रतिशत डिजिटाइजेशन का कार्य संपन्न हो गया है। वहीं गंगोत्री विधानसभा क्षेत्र में 18 मतदान केंद्रों पर मतदाता सूची का शुद्धिकरण एवं डिजिटाइजेशन पूर्ण कर लिया गया है।
निर्वाचन विभाग का कहना है कि शेष मतदान केंद्रों पर भी कार्य तेजी से जारी है। अभियान का उद्देश्य मतदाता सूची को पूरी तरह अद्यतन, त्रुटिरहित और पारदर्शी बनाना है, ताकि आगामी चुनावों में प्रत्येक पात्र मतदाता अपने मताधिकार का निर्बाध रूप से प्रयोग कर सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!