क्षेत्रीय समाचार

लिखित आश्वासन पर थराली अस्पताल में सात दिनों से जारी धरना स्थगित

 

डेढ़ माह में अल्ट्रासाउंड सुविधा शुरू करने, सप्ताह में दो दिन विशेषज्ञ चिकित्सकों की तैनाती और अतिरिक्त स्वास्थ्यकर्मी नियुक्त करने का आश्वासन

थराली, 16 नवंबर (हरेन्द्र बिष्ट) । सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) थराली में विशेषज्ञ चिकित्सकों की तैनाती, अल्ट्रासाउंड सुविधा और पर्याप्त स्वास्थ्यकर्मियों की नियुक्ति सहित सात सूत्रीय मांगों को लेकर पिछले सात दिनों से चल रहा धरना-प्रदर्शन सोमवार को स्वास्थ्य विभाग के लिखित आश्वासन के बाद अनिश्चितकाल के लिए स्थगित कर दिया गया। अपर मुख्य चिकित्साधिकारी चमोली डॉ. वैष्णव कृष्ण ने आंदोलनकारियों को डेढ़ माह के भीतर अस्पताल में अल्ट्रासाउंड सुविधा उपलब्ध कराने और सप्ताह में दो दिन विशेषज्ञ चिकित्सकों की सेवाएं सुनिश्चित करने का आश्वासन दिया।

थराली युवा संघर्ष समिति के बैनर तले 10 नवंबर से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र परिसर में धरना-प्रदर्शन किया जा रहा था। आंदोलनकारी अस्पताल में विशेषज्ञ चिकित्सकों की तैनाती, अल्ट्रासाउंड मशीन लगाने, पर्याप्त चिकित्सकीय एवं नर्सिंग स्टाफ की नियुक्ति और अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग कर रहे थे। आंदोलन का नेतृत्व भारतीय जनता युवा मोर्चा के मंडल अध्यक्ष एवं संघर्ष समिति के अध्यक्ष संजय जोशी कर रहे थे। सत्तारूढ़ भाजपा से जुड़े युवाओं के नेतृत्व में चल रहे इस आंदोलन ने क्षेत्र की बदहाल स्वास्थ्य सेवाओं के साथ ही सरकार और स्वास्थ्य विभाग की कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े कर दिए थे।

सोमवार को आंदोलन के सातवें दिन अपर मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. वैष्णव कृष्ण धरनास्थल पहुंचे और आंदोलनकारियों से वार्ता की। उन्होंने आश्वासन दिया कि सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र थराली में डेढ़ माह के भीतर अल्ट्रासाउंड सुविधा उपलब्ध करा दी जाएगी। इसके अतिरिक्त प्रत्येक सप्ताह बुधवार और गुरुवार को महिला बेस चिकित्सालय से सर्जन, अस्थि रोग विशेषज्ञ और निश्चेतक की सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।

अपर मुख्य चिकित्साधिकारी ने अस्पताल में एक चिकित्सा अधिकारी, दो स्टाफ नर्सों और एक एएनएम की नियुक्ति के साथ ही युवा कल्याण विभाग के माध्यम से तीन सुरक्षा कर्मियों की तैनाती का भी लिखित आश्वासन दिया। स्वास्थ्य विभाग की ओर से मांगों पर सकारात्मक कार्रवाई का भरोसा मिलने के बाद संघर्ष समिति के अध्यक्ष संजय जोशी ने धरना स्थगित करने की घोषणा की।

आंदोलनकारियों ने बताया कि उनकी सात सूत्रीय मांगों में से छह पर लिखित आदेश जारी करने तथा अल्ट्रासाउंड सुविधा डेढ़ माह के भीतर उपलब्ध कराने का आश्वासन मिलने के बाद आंदोलन स्थगित करने का निर्णय लिया गया है। उन्होंने सरकार और स्वास्थ्य विभाग का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि आंदोलन का उद्देश्य क्षेत्र की जनता को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं दिलाना है।

हालांकि आंदोलनकारियों ने स्पष्ट किया कि धरना समाप्त नहीं किया गया है, बल्कि आश्वासनों के क्रियान्वयन के लिए स्थगित किया गया है। यदि एक माह के भीतर अस्पताल की व्यवस्थाओं में अपेक्षित सुधार नहीं हुआ तो क्षेत्र के युवाओं और स्थानीय जनता को फिर से उग्र आंदोलन के लिए बाध्य होना पड़ेगा।

उल्लेखनीय है कि सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र थराली पर थराली के अलावा देवाल और नारायणबगड़ विकासखंडों की बड़ी आबादी निर्भर है। विशेषज्ञ चिकित्सकों और आवश्यक जांच सुविधाओं के अभाव में मरीजों को सामान्य उपचार एवं जांच के लिए भी दूसरे अस्पतालों का रुख करना पड़ता है। ऐसे में स्वास्थ्य विभाग के आश्वासनों के धरातल पर उतरने से क्षेत्र की जनता को बड़ी राहत मिल सकती है।

इस अवसर पर आंदोलनकारी योगेश देवराड़ी, कैलाश जोशी सहित अन्य युवाओं ने अस्पताल की समस्याओं को प्रमुखता से उठाया। वार्ता के दौरान भाजपा मंडल अध्यक्ष वीरेंद्र बिष्ट, पूर्व मंडल अध्यक्ष रणजीत सिंह नेगी सहित अनेक स्थानीय नेता और आंदोलनकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!