शिक्षा/साहित्य

चमनलाल कॉलेज के छह विद्यार्थियों ने उत्तीर्ण की यूजीसी नेट परीक्षा

 

दो छात्राओं को कनाडा और इटली में उच्च अध्ययन का अवसर

लंढौरा (हरिद्वार)। चमनलाल महाविद्यालय के छह छात्र-छात्राओं ने यूजीसी नेट परीक्षा उत्तीर्ण कर कॉलेज का गौरव बढ़ाया है। इनमें से चार विद्यार्थियों ने असिस्टेंट प्रोफेसरशिप के लिए नेट परीक्षा उत्तीर्ण की है। वहीं, महाविद्यालय की दो छात्राओं को कनाडा और इटली में उच्च अध्ययन का अवसर मिला है।
यूजीसी की ओर से घोषित नेट परीक्षा परिणाम में राजनीति विज्ञान विभाग के कामेश्वर धीमान ने असिस्टेंट प्रोफेसरशिप के लिए नेट परीक्षा उत्तीर्ण की। पुस्तकालय विज्ञान विभाग की तमन्ना और आकाश कुमार ने भी नेट परीक्षा में सफलता हासिल की है। वाणिज्य विभाग की रश्मि और हिना जहीर तथा भूगोल विभाग के विपुल कुमार ने असिस्टेंट प्रोफेसरशिप के लिए नेट परीक्षा उत्तीर्ण की है।
महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. सुशील उपाध्याय ने बताया कि पिछले पांच वर्षों में विभिन्न विभागों के 60 छात्र-छात्राएं यूजीसी नेट, सीएसआईआर नेट और गेट जैसी राष्ट्रीय स्तर की प्रतिष्ठित परीक्षाओं में सफलता प्राप्त कर चुके हैं। महाविद्यालय में प्रवेश के बाद से ही विद्यार्थियों को उच्च स्तरीय प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए प्रोत्साहित करने के साथ मार्गदर्शन की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाती है।
उन्होंने बताया कि बीकॉम की छात्रा प्रीतपाल कौर को उच्च अध्ययन के लिए कनाडा में प्रवेश मिला है, जबकि इसी विभाग की देवांशिका शर्मा ने इटली में पीएचडी कार्यक्रम में प्रवेश प्राप्त किया है।
महाविद्यालय प्रबंध समिति के अध्यक्ष रामकुमार शर्मा ने विद्यार्थियों की उपलब्धियों पर प्रसन्नता जताते हुए कहा कि उनकी सफलता से महाविद्यालय गौरवान्वित हुआ है। उन्होंने अन्य विद्यार्थियों से इन मेधावी छात्र-छात्राओं से प्रेरणा लेने का आह्वान किया। साथ ही नेट परीक्षा की तैयारी में विद्यार्थियों का मार्गदर्शन करने वाले संबंधित विभागों के शिक्षकों की सराहना की।
रामकुमार शर्मा ने बताया कि आगामी दिनों में महाविद्यालय में आयोजित समारोह में नेट परीक्षा में सफल विद्यार्थियों, विदेश में उच्च अध्ययन के लिए चयनित छात्राओं तथा उनके परिजनों को सम्मानित किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!