Front Page

बदरीनाथ और औली में हिमपात, बर्फ की फुहारों के बीच श्रद्धालुओं ने किए दर्शन

बदरीनाथ धाम के कपाट कल होंगे बंद, औली में मौसम की पहली बर्फबारी से पर्यटन कारोबारियों के चेहरे खिले

ज्योतिर्मठ, 15 नवंबर (कपरुवाण)। बदरीनाथ धाम सहित उत्तराखंड के सीमांत क्षेत्रों में रविवार को मौसम ने करवट बदल ली। बदरीनाथ धाम में सुबह से ही बर्फबारी शुरू हो गई, जबकि दोपहर बाद विश्व प्रसिद्ध हिमक्रीड़ा केंद्र औली में भी हिमपात होने लगा। ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी और निचले इलाकों में मूसलाधार बारिश के कारण समूचे सीमांत क्षेत्र में कड़ाके की ठंड शुरू हो गई है।

विश्व प्रसिद्ध बदरीनाथ धाम के कपाट सोमवार, 16 नवंबर को शीतकाल के लिए बंद किए जाएंगे। कपाट बंद होने से ठीक एक दिन पहले रविवार सुबह से ही धाम में रुक-रुककर बर्फबारी होती रही। इसके बावजूद श्रद्धालुओं के उत्साह में कोई कमी नहीं आई। बर्फ की फुहारों के बीच हजारों तीर्थयात्री कतारबद्ध होकर भगवान बदरीविशाल के दर्शन करते रहे। पहली बार बर्फबारी का नजारा देख रहे तीर्थयात्री विशेष रूप से उत्साहित नजर आए। बर्फबारी ने कपाट बंद होने से पहले धाम के धार्मिक और प्राकृतिक वातावरण को और भी मनमोहक बना दिया।

इधर, दोपहर बाद प्रसिद्ध हिमक्रीड़ा केंद्र औली में भी बर्फबारी शुरू हो गई। देखते ही देखते औली की ढलानों पर बर्फ की सफेद चादर बिछने लगी। औली के साथ ही गोरसों बुग्याल तथा सीमांत नीती और माणा घाटियों के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में भी जोरदार हिमपात हुआ।

औली में इस मौसम की पहली बर्फबारी से पर्यटन व्यवसायियों, होटल संचालकों और स्कीइंग प्रेमियों में उत्साह है। पर्यटन कारोबारियों को उम्मीद है कि इस बार अच्छी बर्फबारी होने से शीतकालीन पर्यटन और स्कीइंग गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा। औली में पर्याप्त हिमपात होने पर देश-विदेश से बड़ी संख्या में पर्यटक शीतकालीन खेलों और बर्फ से ढकी हिमालयी वादियों का आनंद लेने पहुंचते हैं।

इस बीच ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हिमपात और निचले इलाकों में लगातार बारिश से तापमान में गिरावट आई है। ज्योतिर्मठ सहित आसपास के क्षेत्रों में ठंड का प्रकोप बढ़ गया है। मौसम के बदले मिजाज ने जहां सीमांत क्षेत्रों में सर्दियों की दस्तक दे दी है, वहीं औली में बर्फबारी ने आगामी शीतकालीन पर्यटन सीजन के लिए नई उम्मीदें जगा दी हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!