गौचर में सौर ऊर्जा केंद्र खुला, स्थानीय रोजगार पर जोर
गौचर, 14 सितम्बर (गुसाईं)। क्षेत्र से पलायन रोकने और स्वरोजगार के अवसर बढ़ाने के उद्देश्य से पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष लक्ष्मण सिंह रावत ने गौचर में ‘हरिओम सोलर एनर्जी’ का नया आउटलेट एवं जनसेवा कार्यालय शुरू किया है। केंद्र के माध्यम से सौर ऊर्जा को बढ़ावा देने के साथ स्थानीय युवाओं और महिलाओं को रोजगार से जोड़ने की योजना है।
पूजा-अर्चना के बाद गजपाल रावत और कांग्रेस के पूर्व जिलाध्यक्ष मुकेश नेगी ने फीता काटकर कार्यालय का शुभारंभ किया। इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि सौर ऊर्जा के क्षेत्र में स्थानीय स्तर पर काम शुरू होने से स्वरोजगार के नए अवसर पैदा हो सकते हैं और लोगों को स्वच्छ ऊर्जा अपनाने में भी सुविधा मिलेगी।
लक्ष्मण सिंह रावत ने बताया कि नए केंद्र के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण, सामाजिक गतिविधियों और सौर ऊर्जा से संबंधित कार्यों को आगे बढ़ाया जाएगा। इसके साथ ही स्थानीय युवाओं और महिलाओं को विभिन्न गतिविधियों से जोड़कर रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा।
जिला पंचायत के कोठली वार्ड (नारायणबगड़) से पूर्व में जिला पंचायत सदस्य और बाद में जिला पंचायत अध्यक्ष रहे रावत लंबे समय से स्वरोजगार से जुड़ी गतिविधियों में सक्रिय हैं। उन्होंने अपने पैतृक गांव ईड़ा में कीवी और सेब उत्पादन के साथ दुग्ध उत्पादन, मत्स्य पालन तथा फल-सब्जी की खेती को बढ़ावा दिया है। इन गतिविधियों में महिला समूहों और स्थानीय लोगों की भागीदारी भी रही है। अब इस स्वरोजगार मॉडल को अन्य क्षेत्रों तक विस्तार देने की योजना है।
कार्यालय के माध्यम से केंद्र सरकार की ‘प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना’ के बारे में भी लोगों को जानकारी और आवश्यक तकनीकी मार्गदर्शन दिया जाएगा। इच्छुक उपभोक्ताओं को घरों पर सौर ऊर्जा संयंत्र लगाने की प्रक्रिया, उपलब्ध सुविधाओं तथा इससे बिजली खर्च में होने वाली संभावित बचत के बारे में जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी।
उद्घाटन कार्यक्रम में भाजपा गौचर मंडल के पदाधिकारी, विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि, महिलाएं, सामाजिक कार्यकर्ता और अन्य स्थानीय लोग मौजूद रहे। लक्ष्मण सिंह रावत ने कहा कि उनका प्रयास स्वरोजगार और सौर ऊर्जा के माध्यम से स्थानीय स्तर पर आजीविका के अवसर बढ़ाने तथा क्षेत्र को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में काम करना है।
