लोकसभा में स्मृति इरानी और सोनिया गांधी की झड़प की गूंज देहरादून तक पहुंची
–-उषा रावत –
देहरादून] 28 जुलाइ । लोक सभा में कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी और मंत्री स्मृति इरानी की तकरार की आंच देहरादून तक पहुंच गयी है। भाजपाइयों ने जहां इसे राष्ट्रपति का अपमान का मुद्दा बना दिया है। वहीं कांग्रेस ने पार्टी अध्यक्ष एवं बुजुर्ग नेता सोनिया गांधी के साथ स्मृति इरानी द्वारा खुन्नस निकालने के लिये अभद्रता का मुद्दा बना दिया है। कांग्रेसियों का कहना है कि स्मृति इरानी की बेटी द्वारा गोवा में शराब का बार चलाने के विवाद का खुलासा किये जाने से स्मृति बौखला गयी हैं।
उत्तराखण्ड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष श्री करन माहरा ने आज लोकसभा में हुई घटना को दुर्भाग्यपूर्ण बताया है। उन्होंने कहा कि संसद में जो कुछ भी हुआ वह स्वस्थ लोकतंत्र की परम्परा के विपरीत है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी राष्ट्रपति के अपमान के बारे में सोच भी नहीं सकती है।
जबकि भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक ने कहा कि कांग्रेस ने मर्यादा की सभी हदे पार कर दी है। कांग्रेस ने राष्ट्रपति के खिलाफ बयानबाजी कर अपना चेहरा फिर उजागर कर दिया है और इससे यह फिर साबित हो गया है कि वह महिला विरोधी, आदिवासी विरोधी है और देश के सर्वोच्च संवैधानिक पद पर आसीन महिला के खिलाफ कांग्रेस अध्यक्षा सोनिया गांधी ने ही निर्देश दिये
राज्य सभा सांसद नरेश बंसल जी ने कांग्रेस नेता अधीर रंजन चौधरी द्वारा देश की पहली महिला आदिवासी राष्ट्रपति महामहिम श्री मती द्रौपदी मुर्मू जी पर की गई लिंग भेदी टिप्पणी पर गहरी नाराजगी जताई है ।उन्होंने आज संसद भवन नई दिल्ली में साथी सांसदो संग देश की पहली महिला आदिवासी महामहिम राष्ट्रपति के अपमान के विरोध में प्रदर्शन किया ।
सासंद बंसल ने कहा कि राष्ट्रपति जी का अपमान ये देश नहीं सहेगा।यह जीभ फिसलना नही राष्ट्रपति का कांग्रेस नेता अधीरंजन चौधरी द्वारा जानबूझकर किया अपमान था । उन्होंने कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गाँधी जी को आदिवासी समाज और महिलाओं के अपमान पर पूरे देश से माफ़ी मांगनी चाहिए।
प्रदेश कांग्रेस करन माहरा ने आज यहाँ जारी बयान में कहा है कि अधीर रंजन चैधरी से गलती हुई है तथा वे अपनी गलती के लिए माफी भी मांग चुके थे परन्तु इसके बावजूद भाजपा सरकार की वरिष्ठ मंत्री स्मृति ईरानी द्वारा वरिष्ठ सांसद एवं कांग्रेस पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष के साथ अमर्यादित और अपमानजनक व्यवहार दुर्भाग्यपूर्ण है। मुख्य विपक्षी दल की नेता वरिष्ठ सांसद एवं पार्टी की प्रमुख नेता होने के नाते सांसद रमा देवी के पास गई थी तब उनके साथ इस प्रकार का शर्मनाक व्यवहार सांसद और संसद की मर्यादा के खिलाफ है जिसकी हम निन्दा करते हैं।
इधर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष कांग्रेस का यह कृत्य संस्कार विहीन, मूल्य विहीन तथा संविधान को चोट पहुचाने वाला है। जब से राष्ट्रपति के पद पर मुर्मू ने नामांकन किया तो कांग्रेस की घृणा उजागर हो गयी और कभी उन्हे रबर स्टेम्प तो कभी अशुभ तक संबोधित करने के बाद अब उन्हे अशोभनीय और अमर्यादित टिप्पणी से नवाजा जा रहा है। कांग्रेस एक गरीब आदिवासी महिला को राष्ट्रपति पद पर पचा नही पा रही है। उन्होंने कहा की कांग्रेस हमेशा से ही महिला विरोधी रही है और समय समय पर उसका यह चरित्र सामने आता रहा है।
प्रदेश उपाध्यक्ष संगठन/प्रशासन मथुरादत्त जोशी ने भी संसद में पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी के साथ हुए आपत्तिजनक और शर्मनाक व्यवहार पर प्रतिक्रिया क्षोभ व्यक्त करते हुए भाजपा सरकार की मंत्री स्मृति ईरानी से क्षमा मांगने की मांग की है।
कांग्रेस सांसद अधीर रंजन चौधरी राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से माफी मांगने के लिए तैयार हो गए हैं। साथ ही उन्होंने सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) से इस पूरे प्रकरण में कांग्रेस पार्टी की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी को नहीं घसीटने की अपील की है।कांग्रेस सांसद अधीर रंजन चौधरी के राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू पर की गई टिप्पणी को लेकर ससंद में जमकर हंगामा हुआ.