शिक्षा/साहित्य

स्प्रिंगर नेचर ने प्रकाशित की प्रो. सिवन सतीश की पुस्तक

 

मुरादाबाद, 22  अगस्त। तीर्थंकर महावीर यूनिवर्सिटी के डेंटल कॉलेज एंड रिसर्च सेंटर के ओरल मेडिसिन एंड रेडियोलॉजी विभाग के विभागाध्यक्ष प्रो. सिवन सतीश की शैक्षणिक पुस्तक ‘एडवांस इमेजिंग एंड डायग्नोस्टिक ट्रेंड्स इन ओरल एंड मैक्सिलोफेशियल रेडियोलॉजी’ को अंतरराष्ट्रीय प्रकाशक स्प्रिंगर नेचर ने प्रकाशित किया है। पुस्तक के प्रकाशन के लिए हुए अनुबंध के तहत प्रो. सतीश को 1.30 लाख रुपये की रॉयल्टी भी प्राप्त हुई है।

प्रो. सिवन सतीश को शिक्षण और शोध का 19 वर्षों का अनुभव है। उन्होंने ग्लासगो, यूके स्थित रॉयल कॉलेज से एमएफडीएस की उपाधि प्राप्त की है। डेंटल कॉलेज के प्रिंसिपल प्रो. प्रदीप तांगड़ें और वाइस प्रिंसिपल डॉ. अंकिता जैन ने पुस्तक के प्रकाशन पर प्रो. सतीश को बधाई दी।

पुस्तक में मौखिक और चेहरे से संबंधित रोगों की पहचान तथा उनके निदान में इस्तेमाल होने वाली आधुनिक इमेजिंग तकनीकों पर चर्चा की गई है। इसमें एमआरआई, सीटी स्कैन और कोन बीम सीटी स्कैन जैसी तकनीकों के उपयोग और उनकी नैदानिक उपयोगिता को विस्तार से समझाया गया है। पुस्तक का उद्देश्य दंत चिकित्सा के स्नातक और स्नातकोत्तर विद्यार्थियों के साथ-साथ शोधार्थियों और दंत चिकित्सा विशेषज्ञों को आधुनिक निदान पद्धतियों की जानकारी उपलब्ध कराना है।

प्रो. सतीश के अनुसार, पुस्तक में ऐसी इमेजिंग तकनीकों और उनके अनुप्रयोगों को शामिल किया गया है, जिनकी मदद से दांतों, जबड़े, मुंह और चेहरे से संबंधित विभिन्न रोगों की पहचान में सहायता मिल सकती है। पुस्तक में मौखिक कैंसर की पहचान में आधुनिक इमेजिंग की भूमिका पर भी चर्चा की गई है।

प्रो. सतीश के अनुसार, पुस्तक में शामिल विषयों से दंत चिकित्सकों, शिक्षकों और शोधार्थियों को मौखिक एवं मैक्सिलोफेशियल रोगों के निदान में इस्तेमाल होने वाली नई तकनीकों को समझने में मदद मिलेगी।

प्रो. सतीश के नाम चार पेटेंट और तीन कॉपीराइट भी दर्ज हैं। इसके अलावा उनके तीन श्रेणी-एक अंतरराष्ट्रीय शोध पत्र और 35 राष्ट्रीय शोध पत्र प्रकाशित हो चुके हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!