तलवाड़ी महाविद्यालय में स्वतंत्रता सेनानी आलम सिंह फर्स्वाण की आदमकद मूर्ति का अनावरण
थराली, 24 अप्रैल (हरेंद्र बिष्ट)।स्वतंत्रता संग्राम सेनानी आलम सिंह फर्स्वाण राजकीय महाविद्यालय तलवाड़ी-थराली में थराली विधायक ने स्वतंत्रता संग्राम सेनानी स्वर्गीय आलम सिंह फर्स्वाण की आदमकद मूर्ति का भव्य समारोह में अनावरण किया। इस अवसर पर महाविद्यालय का 27वां वार्षिकोत्सव भी उत्साहपूर्वक आयोजित किया गया।
महाविद्यालय परिसर में सिंचाई खंड थराली द्वारा निर्मित स्वतंत्रता संग्राम सेनानी की आदमकद प्रतिमा का अनावरण करते हुए विधायक भूपाल राम टम्टा ने कहा कि पेशावर कांड के नायकों में शामिल स्वर्गीय आलम सिंह फर्स्वाण का योगदान देश कभी नहीं भुला सकता। उन्होंने कहा कि ऐसे महान स्वतंत्रता सेनानियों की स्मृति को संजोना नई पीढ़ी को देशभक्ति और त्याग की प्रेरणा देता है।
इसके बाद आयोजित महाविद्यालय के 27वें वार्षिकोत्सव को संबोधित करते हुए विधायक टम्टा ने छात्र-छात्राओं द्वारा प्रस्तुत रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों की सराहना की। उन्होंने कहा कि अपनी समृद्ध लोक संस्कृति को जीवित रखने और संरक्षित करने के लिए युवाओं को बढ़-चढ़कर भागीदारी करनी चाहिए। तभी हमारी परंपराएं और सांस्कृतिक विरासत सुरक्षित रह सकेगी।
इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राचार्य सैराज मोहम्मद ने मुख्य अतिथि एवं अन्य अतिथियों का स्वागत करते हुए महाविद्यालय की शैक्षणिक गतिविधियों और उपलब्धियों की विस्तृत जानकारी दी।
कार्यक्रम में थराली के ज्येष्ठ प्रमुख राजेश चौहान, तलवाड़ी ग्राम प्रधान दीपा देवी, स्वतंत्रता सेनानी के पौत्र एडवोकेट यशपाल फर्स्वाण, पूर्व प्रमुख राकेश जोशी, सिंचाई विभाग थराली के महेश त्रिकोटी, पूर्व मंडल अध्यक्ष रणजीत नेगी, नंदू बहुगुणा, अधिशासी अभियंता प्रशांत श्रीवास्तव, सहायक अभियंता शिकंदर कुमार, कनिष्ठ अभियंता प्रेम जोशी एवं संतोष नेगी सहित अनेक गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।
महाविद्यालय परिवार की ओर से डॉ. ललित जोशी, डॉ. प्रतिभा आर्या, डॉ. शंकर राम, डॉ. खेमकरण, डॉ. रजनी नेगी, डॉ. पुष्पा रानी, डॉ. नीतू पांडे, डॉ. सुनील कुमार, डॉ. सुधा राणा तथा डॉ. मोहित उप्रेती सहित अन्य शिक्षकों ने अतिथियों का स्वागत किया।
इस मौके पर सिंचाई खंड के अधिशासी अभियंता ने जानकारी दी कि स्वतंत्रता सेनानी की प्रतिमा एवं उसके स्थल के निर्माण पर लगभग 10 लाख रुपये की धनराशि व्यय की गई है।
