क्षेत्रीय समाचार

इतिहास विभाग की शैक्षणिक प्रतियोगिताओं में छात्रों ने दिखाई प्रतिभा

 

पोखरी, 28 अप्रैल (राणा)। राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय नागनाथ, पोखरी में सोमवार को इतिहास विभाग की ओर से विभागीय परिषद के अंतर्गत विभिन्न शैक्षणिक प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर अपनी प्रतिभा का प्रभावशाली प्रदर्शन किया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता प्राचार्य डॉ. रीटा शर्मा ने की। अपने अध्यक्षीय संबोधन में उन्होंने कहा कि इतिहास केवल अतीत की घटनाओं का संकलन नहीं है, बल्कि मानव सभ्यता के विकास की जीवंत गाथा है। इतिहास हमें अपनी जड़ों से जोड़ने के साथ-साथ भविष्य की दिशा भी निर्धारित करता है। उन्होंने प्राचीन भारत के राजवंशों, उनकी भौगोलिक सीमाओं और राजधानियों के महत्व को विस्तार से समझाया। साथ ही भारत और विश्व इतिहास के विभिन्न आयामों पर प्रकाश डालते हुए छात्रों को प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता के लिए इतिहास विषय का गहन अध्ययन करने हेतु प्रेरित किया।

कार्यक्रम के अंतर्गत “उत्तराखण्ड के धार्मिक तीर्थाटन” विषय पर भाषण प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसमें बीए षष्ठम सेमेस्टर की दीपशिखा ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। बीए द्वितीय सेमेस्टर की अदिति ने द्वितीय तथा बीए षष्ठम सेमेस्टर की निधि ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।

इसके अतिरिक्त “उत्तराखण्ड के प्रसिद्ध धार्मिक तीर्थ स्थल” विषय पर पोस्टर प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया। इस प्रतियोगिता में बीए षष्ठम सेमेस्टर की नेहा प्रथम, बीए चतुर्थ सेमेस्टर की अर्चना द्वितीय तथा बीए चतुर्थ सेमेस्टर की अनीशा तृतीय स्थान पर रहीं। प्रतियोगिता के विजेताओं को प्राचार्य द्वारा पुरस्कृत कर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम के दौरान बीए षष्ठम सेमेस्टर की छात्रा नेहा ने “नमन मेरी मातृभूमि को शत-शत मेरा प्रणाम है” विषय पर स्वरचित कविता का प्रभावशाली पाठ कर उपस्थित जनों को भावविभोर कर दिया।

इतिहास विभागाध्यक्ष डॉ. संजीव कुमार जुयाल ने तीर्थाटन के सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक महत्व पर प्रकाश डालते हुए छात्रों को महान यात्रियों और विद्वानों के उदाहरणों से प्रेरित किया। आईक्यूएसी संयोजक डॉ. नन्दकिशोर चमोला ने उत्तराखण्ड के धार्मिक एवं ऐतिहासिक स्थलों की महत्ता बताते हुए कर्म और पुरुषार्थ के सिद्धांत को जीवन में अपनाने का संदेश दिया।

कार्यक्रम का संयोजन इतिहास विभागाध्यक्ष डॉ. संजीव कुमार जुयाल द्वारा किया गया। इस अवसर पर डॉ. रामानन्द उनियाल, डॉ. प्रवीण मैठाणी, विजय कुमार, गुलशन कुमार सहित महाविद्यालय के प्राध्यापक, कर्मचारी एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन बीए षष्ठम सेमेस्टर के छात्र आदर्श कुमार ने किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!