क्षेत्रीय समाचार

ल्वाणी का राजराजेश्वरी संस्कृति संरक्षण मेला बना राजकीय मेला

 

थराली/देवाल, 30 जुलाई (हरेन्द्र बिष्ट)। विकासखंड देवाल के ग्राम ल्वाणी के पिलखड़ा में प्रतिवर्ष आयोजित होने वाले श्री राजराजेश्वरी संस्कृति संरक्षण मेले को उत्तराखंड सरकार ने राजकीय मेला घोषित कर दिया है। मेले को राजकीय दर्जा मिलने पर ल्वाणी गांव सहित क्षेत्रवासियों ने खुशी जताते हुए थराली विधायक भूपाल राम टम्टा का आभार व्यक्त किया है।
पिलखड़ा, ल्वाणी में मां भगवती के प्रांगण में वर्ष 2005 से श्री नंदादेवी राजजात यात्रा और प्रतिवर्ष आयोजित होने वाली नंदा लोकजात यात्रा के प्रमुख पड़ाव के रूप में यह मेला आयोजित होता आ रहा है। मेले के माध्यम से क्षेत्र की लोक संस्कृति, परंपराओं और स्थानीय कलाकारों को मंच मिलता है।
वर्ष 2025 में आयोजित मेले में बतौर मुख्य अतिथि शामिल हुए थराली विधायक भूपाल राम टम्टा ने मेले को राजकीय दर्जा दिलाने के लिए प्रयास करने की घोषणा की थी। सरकार ने अब इस घोषणा पर अमल करते हुए मेले को राजकीय मेला घोषित कर दिया है।
मेला समिति के अध्यक्ष महावीर बिष्ट ने इसके लिए राज्य सरकार और विधायक भूपाल राम टम्टा का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि राजकीय दर्जा मिलने से क्षेत्र की सांस्कृतिक विरासत को व्यापक पहचान मिलेगी और स्थानीय लोक कलाकारों को राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का बेहतर मंच मिलेगा। इससे मेले के प्रचार-प्रसार को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।
मेले को राजकीय दर्जा मिलने पर हाट कल्याणी जिला पंचायत वार्ड की जिला पंचायत सदस्य उर्मिला बिष्ट, दर्शन बिष्ट, हीरा राम, भूपाल सिंह बिष्ट, लक्ष्मण सिंह, ल्वाणी की ग्राम प्रधान मीना देवी, ताजपुर के प्रधान मदन मोहन, कांडे की प्रधान प्रियंका देवी, महिला मंगल दल की अध्यक्ष अनीता देवी सहित नरेंद्र सिंह, महिपाल सिंह, सरपंच महिपाल सिंह, किशोर कुमार घुनियाल, दयाल राम, खड़क सिंह, कुंवर सिंह, पूर्व प्रधान गंगी देवी, नरेंद्र बिष्ट, राजेंद्र सिंह, प्रद्युम्न सिंह, बीना देवी, बिमला देवी और हरकी देवी आदि ने प्रसन्नता व्यक्त की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!