क्षेत्रीय समाचार

जलभराव समस्या के समाधान को लेकर डीएम और विधायक ने किया गौचर में स्थलीय निरीक्षण

 

गौचर, 21 अप्रैल (गुसाईं)। पालिका क्षेत्र गौचर के अंतर्गत भट्टनगर एवं साकेत नगर में जल निकासी व्यवस्था को सुदृढ़ करने तथा वर्षा के दौरान होने वाली जलभराव की समस्या के समाधान के लिए जिलाधिकारी गौरव कुमार ने क्षेत्रीय विधायक अनिल नौटियाल के साथ स्थलीय निरीक्षण कर स्थिति का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान स्थानीय नागरिकों ने नगर क्षेत्र में समुचित जल निकासी व्यवस्था न होने के कारण बरसात के समय होने वाले जलभराव से उत्पन्न समस्याओं की जानकारी अधिकारियों को दी। इस पर जिलाधिकारी ने मामले का गंभीरता से संज्ञान लेते हुए संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने नगर पालिका द्वारा प्रस्तावित वाटर ड्रेनेज योजना को शासनादेश प्राप्त होने के बाद शीघ्र प्रारंभ करने के निर्देश दिए। साथ ही वर्षा जल की सुचारु निकासी सुनिश्चित करने के लिए रेलवे विभाग के अधिकारियों को आवश्यक स्थान उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए, ताकि वर्षा का पानी आसानी से निकल सके और स्थानीय लोगों को जलभराव की समस्या का सामना न करना पड़े।

इस दौरान अधिशासी अभियंता, नगर पालिका गौचर ने जानकारी दी कि जल निकासी व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए 1 करोड़ 68 लाख रुपये की डीपीआर शासन को प्रेषित की जा चुकी है, जिसे प्रशासनिक स्वीकृति प्राप्त हो गई है। उन्होंने बताया कि वित्तीय स्वीकृति मिलते ही शासनादेश के अनुरूप कार्य प्रारंभ कर दिए जाएंगे।

इस अवसर पर एसडीएम सोहन सिंह रांगण सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!