हेमकुंड यात्रियों के उपद्रव पर व्यापार मंडल ने जताई चिंता, मुख्यमंत्री से हस्तक्षेप की मांग

गौचर, 21 जून (गुसाईं)। जिला व्यापार मंडल चमोली ने उपजिलाधिकारी कर्णप्रयाग के माध्यम से मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजकर हेमकुंड साहिब यात्रा के दौरान तीर्थ यात्रियों द्वारा कथित रूप से की जा रही मारपीट, दुर्व्यवहार एवं उपद्रव की घटनाओं पर तत्काल हस्तक्षेप कर प्रभावी कार्रवाई किए जाने की मांग की है।
मुख्यमंत्री को भेजे गए ज्ञापन में कहा गया है कि पिछले कुछ दिनों से जनपद चमोली के ज्योतिर्मठ, लंगासू, सिमली, कर्णप्रयाग सहित विभिन्न क्षेत्रों में हेमकुंड साहिब तीर्थ यात्रियों द्वारा उपद्रव, मारपीट और दुर्व्यवहार की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। इससे पर्वतीय क्षेत्रों की शांतिपूर्ण फिजा प्रभावित हो रही है और स्थानीय लोगों में असुरक्षा की भावना बढ़ रही है।
ज्ञापन में विशेष रूप से 16 जून को कर्णप्रयाग में हुई एक घटना का उल्लेख करते हुए कहा गया है कि कुछ तीर्थ यात्रियों ने कथित रूप से धारदार हथियारों के साथ व्यापारियों और स्थानीय लोगों के साथ मारपीट एवं दुर्व्यवहार किया। व्यापार मंडल ने इस घटना की कड़ी निंदा करते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
प्रांतीय उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल, चमोली ने यात्रा के दौरान उत्तराखंड के बाहर से आने वाले दुपहिया वाहनों पर प्रतिबंध लगाने तथा तीर्थ यात्रियों द्वारा धारदार हथियार ले जाने पर पूर्ण रोक लगाने की मांग भी उठाई है।
ज्ञापन में घटना में घायल हुए लोगों के समुचित उपचार एवं आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की मांग करते हुए हेमकुंड साहिब गुरुद्वारा प्रबंधन समिति और जिला व्यापार प्रतिनिधियों की बैठक जिलाधिकारी की अध्यक्षता में शीघ्र आयोजित किए जाने का अनुरोध किया गया है।
व्यापार मंडल का कहना है कि इससे यात्रियों और स्थानीय व्यापारियों के बीच उत्पन्न तनाव को कम करने तथा सौहार्दपूर्ण वातावरण बनाए रखने में सहायता मिलेगी। साथ ही प्रदेश की “अतिथि देवो भवः” की परंपरा भी अक्षुण्ण रह सकेगी।
व्यापार मंडल ने ज्ञापन में कहा है कि स्थिति गंभीर होती जा रही है और स्थानीय व्यापारी अपने व्यवसाय एवं सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं। संगठन ने चेतावनी दी है कि यदि समय रहते मांगों पर कार्रवाई नहीं की गई तो जनपद के व्यापारी जनहित एवं व्यापारिक हितों की रक्षा के लिए आंदोलन करने को बाध्य होंगे।
ज्ञापन पर जिला अध्यक्ष ईश्वरी मैखुरी, जिला महामंत्री सुनील पंवार, जिला उपाध्यक्ष रहीम सिद्दीकी, उपाध्यक्ष अर्जुन नेगी, सुभाष रावत सहित अन्य पदाधिकारियों के हस्ताक्षर हैं।
