क्षेत्रीय समाचार

तिरंगे के रंग में रंगा उत्तरकाशी, पुरोला से जिला मुख्यालय तक निकली भव्य रैलियां


उत्तरकाशी, 13 अगस्त। ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत गुरुवार को उत्तरकाशी जनपद में जगह-जगह तिरंगा रैलियां और प्रभात फेरियां आयोजित की गईं। जिला मुख्यालय से लेकर यमुना घाटी के पुरोला सहित विभिन्न कस्बों और विकासखंडों में स्कूली बच्चों, एनसीसी कैडेट्स, जवानों, अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और आम नागरिकों ने हाथों में तिरंगा लेकर राष्ट्रभक्ति का संदेश दिया।

पुरोला में नगर पालिका परिसर से तिरंगा रैली निकाली गई।

रैली कुमोला रोड होते हुए तहसील मुख्यालय तक पहुंची। इसमें सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज, शिवालिक इंटर कॉलेज और पीएम श्री इंटर कॉलेज पुरोला के छात्र-छात्राओं तथा एनसीसी कैडेट्स ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। हाथों में राष्ट्रीय ध्वज थामे विद्यार्थियों ने देशभक्ति के नारे लगाए, जिससे पूरा नगर राष्ट्रभक्ति के नारों से गूंज उठा।
रैली में जिलाधिकारी प्रशांत आर्य भी शामिल हुए और उन्होंने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा कि तिरंगा देश की एकता, अखंडता, स्वाभिमान और स्वतंत्रता के लिए किए गए बलिदानों का प्रतीक है। उन्होंने युवाओं से राष्ट्र सेवा और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष बिहारी लाल शाह, ब्लॉक प्रमुख निशिता शाह, मंडल अध्यक्ष रामचंद्र पंवार, ओमप्रकाश नौडियाल, बलदेव रावत, राकेश रतूड़ी, तहसीलदार कमल राठौर, नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी प्रदीप दयाल सहित सभासद, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद रहे।
जिला मुख्यालय में भी निकली तिरंगा रैली
जिला मुख्यालय उत्तरकाशी में भी स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में भव्य तिरंगा रैली निकाली गई। रामलीला मैदान से शुरू हुई रैली कलेक्ट्रेट कार्यालय होते हुए विश्वनाथ चौक तक पहुंची। इसमें स्कूली छात्र-छात्राओं, पीआरडी जवानों, खेल विभाग के परीक्षार्थियों, एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, सेना के जवानों, एनसीसी कैडेट्स, अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने भाग लिया।
तिरंगा हाथों में लेकर रैली में शामिल प्रतिभागियों ने देशभक्ति के नारे लगाए। रैली के दौरान बच्चों और युवाओं में विशेष उत्साह नजर आया। अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान, देश की एकता और अखंडता को मजबूत बनाए रखने तथा राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी का संदेश दिया।
जिले के अन्य क्षेत्रों में भी ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत विभिन्न विद्यालयों, संस्थानों और कस्बों में तिरंगा रैलियों का आयोजन किया गया। इससे जिलेभर में स्वतंत्रता दिवस को लेकर उत्साह का माहौल बना रहा।
जिला मुख्यालय की रैली में गंगोत्री विधायक सुरेश चौहान, दर्जाधारी राज्यमंत्री प्रताप सिंह पंवार, नगरपालिका अध्यक्ष भूपेंद्र चौहान, अपर जिलाधिकारी मुक्ता मिश्र, मुख्य शिक्षा अधिकारी अमित कोटियाल, युवा कल्याण अधिकारी विजय प्रताप भंडारी सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!