Front Page

केंद्रीय मंत्री गडकरी ने उत्तराखंड और झारखंड में राष्ट्रीय राजमार्गों की गुणवत्ता और रखरखाव की समीक्षा की

नयी दिल्ली, 29 जून।  सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री श्री नितिन गडकरी ने आज नई दिल्ली में आयोजित अलग-अलग समीक्षा बैठकों में झारखंड के 3,245 किलोमीटर तथा उत्तराखंड के 4,026 किलोमीटर राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं की गुणवत्ता, रखरखाव और प्रगति की समीक्षा की।

यह समीक्षा मीडिया रिपोर्टों और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के माध्यम से प्राप्त फीडबैक के आधार पर की गई। समीक्षा बैठक में सड़क परिवहन एवं राजमार्ग राज्य मंत्री श्री अजय टम्टा, सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय, भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई), राष्ट्रीय राजमार्ग एवं अवसंरचना विकास निगम लिमिटेड (एनएचआईडीसीएल) के वरिष्ठ अधिकारी तथा परियोजना ठेकेदार भी उपस्थित रहे।

समीक्षा के दौरान श्री गडकरी ने रखरखाव कार्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा करने, उच्चतम गुणवत्ता मानकों का सख्ती से पालन करने तथा टिकाऊ और कुशल राजमार्ग अवसंरचना के विकास के लिए आधुनिक निर्माण तकनीकों को व्यापक स्तर पर अपनाने की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने सभी हितधारकों को जमीनी स्तर पर कार्यों में तेजी लाने, गुणवत्ता निगरानी को मजबूत करने और सड़क यात्रा की गुणवत्ता में सुधार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि प्रमुख राजमार्ग गलियारों पर निर्बाध संपर्क उपलब्ध कराया जा सके।

केंद्रीय मंत्री ने अधिकारियों को आगामी मानसून को देखते हुए प्रभावी जल निकासी व्यवस्था, ढलानों की सुरक्षा, निवारक रखरखाव तथा मजबूत त्वरित प्रतिक्रिया तंत्र के साथ व्यापक तैयारियां सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि समय पर हस्तक्षेप और समन्वित कार्रवाई से व्यवधानों को कम किया जा सकता है, यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सकती है तथा राष्ट्रीय राजमार्ग के बुनियादी ढांचे के दीर्घकालिक स्थायित्व के लिए समन्वित कार्रवाई आवश्यक है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!