Front Page

टिहरी मेडिकल कॉलेज पर सियासी खींचतान के बीच एक मंच पर आए उनियाल और किशोर

मुख्यमंत्री से संयुक्त मुलाकात में मेडिकल कॉलेज की स्थापना पर हुई चर्चा, सरकार ने सकारात्मक पहल का दिया भरोसा

देहरादून, 1 अगस्त। टिहरी में प्रस्तावित मेडिकल कॉलेज को लेकर लंबे समय से चल रही राजनीतिक खींचतान के बीच स्वास्थ्य मंत्री सुबोध उनियाल और टिहरी विधायक किशोर उपाध्याय ने शनिवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से संयुक्त रूप से मुलाकात की। दोनों नेताओं की एक साथ हुई यह बैठक राजनीतिक दृष्टि से महत्वपूर्ण मानी जा रही है, क्योंकि मेडिकल कॉलेज के स्थान और स्थापना को लेकर दोनों अलग-अलग रुख अपनाते रहे हैं।

मुख्यमंत्री आवास में हुई बैठक में टिहरी जनपद में मेडिकल कॉलेज की स्थापना के विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से चर्चा हुई। मुख्यमंत्री ने कहा कि भौगोलिक दृष्टि से संवेदनशील टिहरी में मेडिकल कॉलेज की स्थापना से न केवल जिले बल्कि पूरे गढ़वाल मंडल की स्वास्थ्य सेवाओं और चिकित्सा शिक्षा को मजबूती मिलेगी। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार जनभावनाओं और क्षेत्रीय आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए इस दिशा में ठोस निर्णय लेगी।

गौरतलब है कि टिहरी मेडिकल कॉलेज की स्थापना और उसके संभावित स्थान को लेकर स्वास्थ्य मंत्री सुबोध उनियाल और विधायक किशोर उपाध्याय के बीच पिछले कुछ समय से राजनीतिक खींचतान चर्चा का विषय रही है। ऐसे में दोनों नेताओं की मुख्यमंत्री के साथ संयुक्त बैठक को गतिरोध दूर करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।

बैठक में स्वास्थ्य मंत्री सुबोध उनियाल ने टिहरी की स्वास्थ्य आवश्यकताओं और मेडिकल कॉलेज स्थापना से जुड़े प्रस्तावों की जानकारी दी, जबकि विधायक किशोर उपाध्याय ने इसे क्षेत्र की लंबे समय से चली आ रही मांग बताते हुए शीघ्र निर्णय का आग्रह किया।

मुख्यमंत्री ने दोनों जनप्रतिनिधियों के सुझावों पर सकारात्मक विचार का आश्वासन देते हुए कहा कि प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार, चिकित्सा शिक्षा और आधुनिक स्वास्थ्य अवसंरचना के विकास को सरकार सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!