Front Page

पासपोर्ट सत्यापन में उत्कृष्ट प्रदर्शन पर उत्तराखण्ड पुलिस को राष्ट्रीय सम्मान

 

देहरादून, 20  जून ।  उत्तराखण्ड पुलिस को वित्तीय वर्ष 2025-26 के दौरान पासपोर्ट आवेदनों के सत्यापन में उत्कृष्ट एवं प्रभावी कार्य निष्पादन के लिए भारत सरकार द्वारा प्रतिष्ठित “इंस्टीट्यूशनल परफॉर्मेंस अवार्ड फॉर स्टेट पुलिस” से सम्मानित किया गया है। यह सम्मान देशभर की राज्य पुलिस इकाइयों के पासपोर्ट सत्यापन संबंधी प्रदर्शन के मूल्यांकन के आधार पर प्रदान किया जाता है।

नई दिल्ली स्थित विदेश मंत्रालय के जवाहरलाल नेहरू भवन में शुक्रवार को आयोजित एक समारोह में केंद्रीय विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर ने उत्तराखण्ड पुलिस की ओर से अपर पुलिस महानिदेशक (प्रशासन) ए. पी. अंशुमान को यह पुरस्कार प्रदान किया।

पुलिस महानिदेशक दीपम सेठ ने इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि यह सम्मान पासपोर्ट सत्यापन प्रक्रिया को समयबद्ध, पारदर्शी और नागरिक-केंद्रित बनाने के लिए उत्तराखण्ड पुलिस द्वारा किए गए निरंतर प्रयासों का परिणाम है। उन्होंने कहा कि पुलिस विभाग आधुनिक तकनीक और बेहतर कार्यप्रणाली के माध्यम से नागरिक सेवाओं को अधिक प्रभावी बनाने के लिए प्रतिबद्ध है।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इस उपलब्धि पर उत्तराखण्ड पुलिस को बधाई देते हुए कहा कि नागरिकों को गुणवत्तापूर्ण, पारदर्शी और समयबद्ध सेवाएं उपलब्ध कराना राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने कहा कि यह सम्मान सुशासन और जनसेवा के क्षेत्र में राज्य द्वारा किए जा रहे प्रयासों की सफलता का प्रतीक है।

मुख्यमंत्री ने विश्वास व्यक्त किया कि उत्तराखण्ड पुलिस भविष्य में भी इसी प्रकार उत्कृष्ट कार्य करते हुए नागरिक सेवाओं के क्षेत्र में नए मानक स्थापित करेगी तथा राज्य का गौरव बढ़ाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!