क्षेत्रीय समाचार

पांचाली में जनसंवाद, ग्राम प्रधान समेत दर्जनभर ग्रामीण कांग्रेस में शामिल

गौचर, 23 अगस्त (गुसाईं)। ग्राम जनसंवाद कार्यक्रम के तहत कांग्रेस प्रदेश सचिव एवं पूर्व जिलाध्यक्ष मुकेश नेगी ने विकासखंड गैरसैंण के दूरस्थ ग्राम पांचाली पहुंचकर ग्रामीणों से मुलाकात की और उनकी समस्याएं सुनीं। इस दौरान ग्राम प्रधान अब्बल सिंह सहित दर्जनभर से अधिक ग्रामीणों ने कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की।
मुकेश नेगी इन दिनों कर्णप्रयाग विधानसभा क्षेत्र में ग्राम जनसंवाद कार्यक्रम के माध्यम से गांव-गांव जाकर लोगों से संपर्क कर रहे हैं। आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए उनके इस अभियान को राजनीतिक सक्रियता बढ़ाने के रूप में देखा जा रहा है। शनिवार को उन्होंने पांचाली में ग्रामीणों के साथ बैठक कर क्षेत्र की समस्याओं पर चर्चा की।
इस अवसर पर ग्राम प्रधान अब्बल सिंह और महिला मंगल दल की अध्यक्ष कविता बिष्ट के नेतृत्व में एक दर्जन से अधिक ग्रामीण कांग्रेस में शामिल हुए। नेगी ने कहा कि प्रदेश में महंगाई लगातार बढ़ रही है और बेरोजगार युवाओं को रोजगार के लिए भटकना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि पहाड़ों में जंगली जानवरों से खेती को भारी नुकसान हो रहा है। ग्रामीण लंबे समय से इस समस्या के समाधान की मांग कर रहे हैं और कई स्थानों पर आंदोलन भी हो चुके हैं, लेकिन समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो पाया है।
उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों की समस्याओं को समझने और उनके समाधान के लिए लगातार जनसंवाद जरूरी है। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कहा कि गांवों की समस्याओं को पार्टी स्तर पर उठाया जाएगा।
कार्यक्रम में जिला व्यापार मंडल अध्यक्ष ईश्वरी मैखुरी, नगर कांग्रेस कमेटी गैरसैंण के अध्यक्ष कुंवर सिंह रावत, महिला नगर अध्यक्ष सरोज शाह, सोशल मीडिया के प्रदेश सचिव संजय कुमार, पूर्व प्रधान हरीश चौहान, युवा कांग्रेस के जिला महासचिव प्रदीप कुंवर सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!