क्षेत्रीय समाचार

सड़क नहीं तो वोट नहीं: वीणा तल्ला-मल्ला के ग्रामीणों ने चुनाव बहिष्कार की चेतावनी दी

 

पोखरी, 15 जून (राणा)। सड़क सुविधा से वंचित वीणा तल्ला-मल्ला ग्राम सभा के ग्रामीणों का सब्र अब जवाब देने लगा है। वर्षों से सड़क निर्माण की मांग पूरी न होने से नाराज ग्रामीणों ने आगामी विधानसभा एवं अन्य चुनावों के बहिष्कार की चेतावनी देते हुए शासन-प्रशासन के खिलाफ आंदोलन छेड़ने का ऐलान किया है।
ग्राम प्रधान सत्येंद्र सिंह के नेतृत्व में ग्रामीणों ने तहसीलदार जिनेंद्र सिंह रावत के माध्यम से उपजिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर ग्राम सभा को शीघ्र आली-काणडई मोटर मार्ग से जोड़ने की मांग की। ग्रामीणों का कहना है कि आज भी उन्हें सड़क तक पहुंचने के लिए चार किलोमीटर पैदल चलना पड़ता है। बाजार से राशन और अन्य आवश्यक सामान खरीदने के बाद उसे पीठ पर ढोकर गांव तक ले जाना उनकी मजबूरी है। इस कारण एक बार आने-जाने में ही आठ किलोमीटर की पैदल दूरी तय करनी पड़ती है।
ग्रामीणों ने बताया कि सबसे अधिक परेशानी आपातकालीन परिस्थितियों में होती है। बीमार बुजुर्गों, बच्चों और गर्भवती महिलाओं को अस्पताल पहुंचाने के लिए आज भी चारपाई और डंडी-कांडी का सहारा लेना पड़ता है। कई बार समय पर उपचार न मिल पाने का खतरा बना रहता है।
ग्रामीणों का आरोप है कि वे कई बार जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों के समक्ष सड़क निर्माण की मांग उठा चुके हैं, लेकिन अब तक केवल आश्वासन ही मिले हैं। उनका कहना है कि सड़क सुविधा के अभाव में गांव के लोगों को दैनिक जीवन की अनेक कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि उनकी ग्राम सभा को शीघ्र सड़क सुविधा से नहीं जोड़ा गया तो वे व्यापक जन आंदोलन शुरू करेंगे और आगामी विधानसभा सहित अन्य चुनावों का बहिष्कार करेंगे।
ज्ञापन सौंपने वालों में ग्राम प्रधान सत्येंद्र सिंह, दिगंबर बर्तवाल, रणजीत सिंह नेगी, राकेश सिंह, जयानंद कुमेड़ी, मोनिका देवी, रीना देवी, भगवती प्रसाद, द्वारिका प्रसाद कुमेड़ी, कालिका प्रसाद कुमेड़ी, उमा कुमेड़ी, मुन्नी देवी, योगेश सिंह, कमल सिंह, भीम सिंह नेगी, शोभा देवी, संतोषी देवी, जयंती देवी, उषा देवी, पान सिंह सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!