वीरेंद्र कुमार बने उत्तराखंड वित्त सेवा संगठन के अध्यक्ष
11वें वार्षिक अधिवेशन में नई कार्यकारिणी का सर्वसम्मति से चुनाव, सेवा संबंधी समस्याओं पर भी चर्चा
गोपेश्वर, 24 अक्टूबर (गुसाईं)। उत्तराखंड वित्त सेवा संगठन के 11वें वार्षिक अधिवेशन में नई कार्यकारिणी का सर्वसम्मति से चुनाव किया गया। इसमें वीरेंद्र कुमार अध्यक्ष और सूर्य प्रताप सिंह महासचिव चुने गए। अधिवेशन में वित्त सेवा के अधिकारियों की भूमिका, सेवा शर्तों में सुधार और सेवा नियमावली की विसंगतियों को दूर करने सहित विभिन्न विषयों पर चर्चा की गई।
देहरादून के सुद्धोवाला स्थित पंडित दीनदयाल उपाध्याय उत्तराखंड वित्तीय प्रशासन प्रशिक्षण एवं शोध संस्थान में आयोजित अधिवेशन में मनोज कुमार पांडे को गढ़वाल क्षेत्र का उपाध्यक्ष और जेएम सक्सेना को कुमाऊं क्षेत्र का उपाध्यक्ष चुना गया। इसके अलावा शैफाली गुप्ता को कोषाध्यक्ष, आलोक शाह को सचिव प्रशासन तथा आयुषी जोशी को सचिव प्रकाशन की जिम्मेदारी सौंपी गई।
नवनिर्वाचित अध्यक्ष वीरेंद्र कुमार और महासचिव सूर्य प्रताप सिंह ने कहा कि राज्य के बदलते वित्तीय परिदृश्य में वित्त सेवा के अधिकारियों की भूमिका को और अधिक प्रभावी बनाने के प्रयास किए जाएंगे। उन्होंने प्रदेश की वित्तीय व्यवस्था को अधिक पारदर्शी, जवाबदेह और सुदृढ़ बनाने की दिशा में संगठन की सक्रिय भागीदारी पर जोर दिया।
उन्होंने कहा कि वित्त सेवा के अधिकारियों की सेवा शर्तों में सुधार तथा सेवा नियमावली में व्याप्त विसंगतियों को दूर कराना संगठन की प्राथमिकताओं में शामिल रहेगा। इसके लिए संबंधित स्तरों पर प्रभावी ढंग से प्रयास किए जाएंगे।
अधिवेशन में अपर सचिव एवं सोसाइटी निबंधक गंगा प्रसाद, विभागीय लेखा निदेशक जयपाल सिंह तोमर, वित्त निदेशक जगत सिंह चौहान, अपर सचिव खजान चंद्र पांडे सहित उत्तराखंड वित्त सेवा के अनेक वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

