Uncategorized

तलवाड़ी महाविद्यालय पीटीए के अध्यक्ष बने विवेक रावत

 

थराली, 3 सितम्बर (हरेन्द्र बिष्ट)। स्वतंत्रता संग्राम सेनानी आलम सिंह फरस्वाण राजकीय महाविद्यालय, तलवाड़ी-थराली में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए अभिभावक-शिक्षक संघ (पीटीए) की नई कार्यकारिणी का गठन किया गया। इसमें विवेक रावत को अध्यक्ष चुना गया।
नई कार्यकारिणी में महिपाल सिंह रावत को उपाध्यक्ष, राजेश चौहान को कोषाध्यक्ष तथा समाजसेविका कंचन रावत को उपमंत्री चुना गया। चुनाव के बाद आयोजित पहली बैठक में नवनिर्वाचित अध्यक्ष विवेक रावत ने कहा कि अभिभावकों और महाविद्यालय के बीच मजबूत समन्वय स्थापित कर संस्थान के विकास के लिए निरंतर प्रयास किए जाएंगे। उपमंत्री कंचन रावत ने विद्यार्थियों के भविष्य और कौशल विकास के लिए महाविद्यालय, अभिभावकों और क्षेत्रवासियों की सामूहिक भागीदारी पर जोर दिया।
बैठक की अध्यक्षता करते हुए महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. डॉ. सेराज मोहम्मद ने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि पीटीए का उद्देश्य महाविद्यालय, विद्यार्थियों और अभिभावकों के बीच बेहतर संवाद स्थापित करना है। स्थानीय जनप्रतिनिधियों और अभिभावकों के सहयोग से प्रस्तावित कला संकाय भवन सहित अन्य आवश्यक विकास कार्यों को आगे बढ़ाया जाएगा।
प्राचार्य ने कहा कि अभिभावकों, शिक्षकों, छात्रसंघ और जनप्रतिनिधियों के बीच निरंतर संवाद से महाविद्यालय की समस्याओं का समाधान संभव है। उन्होंने छात्र-छात्राओं से अपनी समस्याएं शिकायत पेटिका के माध्यम से लिखित रूप में रखने और नियमित रूप से कक्षाओं में उपस्थित रहने का आह्वान किया।
बैठक में पूर्व पीटीए अध्यक्ष गोपाल सिंह फरस्वाण, ग्राम प्रधान दीपा फरस्वाण, पीटीए संयोजक डॉ. सुधा राणा, डॉ. खेमकरण सोमन, अधिवक्ता यशपाल सिंह फरस्वाण, क्षेत्र पंचायत सदस्य कुंवर सिंह रावत, डॉ. स्मिता तिवारी, डॉ. प्रतिभा आर्य, डॉ. पुष्पा रानी, डॉ. सुनील कुमार, डॉ. कमलेश कुमार, डॉ. जमशेद अंसारी, अवतार सिंह बिष्ट, एमएस मेहरा, संतोष रावत, भास्कर जोशी, रणवीर सिंह सहित शिक्षक, कर्मचारी, अभिभावक एवं छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!