उत्तरकाशी में दिसंबर में होगा विंटर टूरिज्म कॉनक्लेव, जिले के अनछुए पर्यटन स्थलों को मिलेगी नई पहचान
ट्रेकिंग, बर्ड वॉचिंग, स्टारगेजिंग और साहसिक गतिविधियों से शीतकालीन पर्यटन को बढ़ावा देने की तैयारी

उत्तरकाशी, 12 नवंबर। उत्तरकाशी जिले में शीतकालीन पर्यटन को नई पहचान दिलाने और पर्यटकों की आवाजाही बढ़ाने के उद्देश्य से आगामी दिसंबर में ‘विंटर टूरिज्म कॉनक्लेव’ आयोजित किया जाएगा। इसके माध्यम से जिले के अल्पज्ञात पर्यटन स्थलों और प्राकृतिक सौंदर्य से भरपूर दूरस्थ गांवों को पर्यटन मानचित्र पर लाने के साथ ही स्थानीय स्तर पर रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसर विकसित करने का प्रयास किया जाएगा।
प्रस्तावित आयोजन की तैयारियों को लेकर बृहस्पतिवार को जिलाधिकारी प्रशांत आर्य ने जिले के मीडिया प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर विभिन्न संभावनाओं और गतिविधियों पर चर्चा की। उन्होंने कहा कि उत्तरकाशी में शीतकालीन पर्यटन और साहसिक गतिविधियों की अपार संभावनाएं हैं। आवश्यकता इन संभावनाओं को व्यवस्थित ढंग से विकसित करने और पर्यटकों तक पहुंचाने की है।
कॉनक्लेव के अंतर्गत ट्रेकिंग, ‘विलेज टू विलेज’ पर्यटन, बर्ड वॉचिंग, स्टारगेजिंग (तारों का अवलोकन), साइक्लोथॉन, हॉट एयर बैलून और पैरामोटर जैसी रोमांचक गतिविधियां आयोजित करने का प्रस्ताव है। इन आयोजनों के माध्यम से पर्यटकों को जिले की प्राकृतिक सुंदरता, ग्रामीण जीवन, स्थानीय संस्कृति और साहसिक पर्यटन की विविध संभावनाओं से परिचित कराया जाएगा।
जिलाधिकारी ने विशेष रूप से ऐसे पर्यटन स्थलों और गांवों को प्राथमिकता देने पर जोर दिया, जहां प्राकृतिक आकर्षण और पर्यटन की पर्याप्त संभावनाएं होने के बावजूद पर्यटकों की आवाजाही अपेक्षाकृत कम है। उन्होंने कहा कि इन क्षेत्रों में पर्यटन गतिविधियों का विस्तार होने से स्थानीय युवाओं को रोजगार मिलेगा और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी। इसके लिए होमस्टे और ट्रेकिंग ट्रैक्शन योजना के प्रभावी क्रियान्वयन पर भी ध्यान दिया जाएगा।
‘विलेज टू विलेज’ कार्यक्रम के अंतर्गत विभिन्न क्षेत्रों के ऐसे गांवों का चयन किया जाएगा, जो अपनी प्राकृतिक सुंदरता, विशिष्ट संस्कृति, पारंपरिक जीवनशैली अथवा पर्यटन की अन्य संभावनाओं के कारण पर्यटकों को आकर्षित कर सकते हैं।
जिलाधिकारी ने मीडिया प्रतिनिधियों से भी इस पहल में सहयोग करने की अपील की। उन्होंने कहा कि पत्रकार अपने-अपने क्षेत्रों के ऐसे गांवों और पर्यटन स्थलों की जानकारी उपलब्ध कराएं, जो अब तक पर्यटन की मुख्यधारा से नहीं जुड़ पाए हैं। इन सुझावों के आधार पर संभावित स्थलों को कॉनक्लेव की गतिविधियों में शामिल करने पर विचार किया जाएगा।
इसके लिए पर्यटन विभाग की ओर से एक गूगल शीट तैयार की गई है, जिसे सभी मीडिया प्रतिनिधियों के साथ साझा किया जाएगा। इसके माध्यम से संभावित पर्यटन स्थलों और गांवों के संबंध में आवश्यक जानकारी एकत्र की जाएगी।
जिलाधिकारी प्रशांत आर्य ने कहा कि विंटर टूरिज्म कॉनक्लेव का उद्देश्य केवल पर्यटकों की संख्या बढ़ाना नहीं, बल्कि उत्तरकाशी के अल्पज्ञात पर्यटन स्थलों को पहचान दिलाकर पर्यटन का लाभ दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों तक पहुंचाना भी है। इससे शीतकाल में पर्यटन गतिविधियों का विस्तार होने के साथ स्थानीय लोगों की आजीविका के नए अवसर विकसित हो सकेंगे।

