नंदा देवी बड़ी जात की सुरक्षा को लेकर पुलिस-प्रशासन अलर्ट
यात्रा रोकने की शिकायत के बाद बढ़ी सतर्कता, एक जोन और चार सेक्टरों में बांटा मार्ग
-हरेंद्र बिष्ट की रिपोर्ट-
थराली, 11 सितम्बर। नंदा देवी की बड़ी जात को सकुशल और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए पुलिस और प्रशासन अलर्ट मोड पर आ गया है। यात्रा का विरोध कर रहे एक गुट के लोगों द्वारा इसे रोकने के लिए प्रशासन से शिकायत किए जाने के बाद सुरक्षा को लेकर सतर्कता और बढ़ा दी गई है। किसी भी तरह के टकराव अथवा व्यवधान की आशंका को देखते हुए तीन अलग-अलग स्थानों से चल रही नंदा देवी की डोलियों और उनके साथ चल रहे श्रद्धालुओं की सुरक्षा चमोली पुलिस के लिए महत्वपूर्ण चुनौती बन गई है।

पुलिस अधीक्षक चमोली सुरजीत सिंह पंवार ने शुक्रवार को चेपड़ो मैदान में यात्रा ड्यूटी में तैनात पुलिस अधिकारियों और जवानों को ब्रीफ करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। आगे की यात्रा को सुरक्षित एवं सुचारू रूप से संपन्न कराने के लिए थराली क्षेत्र के यात्रा मार्ग को एक जोन और चार सेक्टरों में विभाजित किया गया है। यात्रा मार्ग पर एसडीआरएफ के साथ ही पूर्व में इस यात्रा में ड्यूटी कर चुके अनुभवी जवानों की टुकड़ी तैनात की गई है। विषम भौगोलिक परिस्थितियों को देखते हुए पर्वतारोही पुलिस दल को भी सुरक्षा व्यवस्था में लगाया गया है।

पुलिस अधीक्षक ने कहा कि मां नंदा जात यात्रा अत्यंत महत्वपूर्ण और जनआस्था से जुड़ी यात्रा है, जिसकी अपनी विशेष संवेदनशीलता है। वर्तमान में बारिश का मौसम होने के साथ यात्रा मार्ग की भौगोलिक परिस्थितियां भी काफी विषम और चुनौतीपूर्ण हैं। कई स्थानों पर दुर्गम पैदल रास्ते, कठिन चढ़ाई-उतराई और फिसलन जैसी परिस्थितियां बनी हुई हैं। ऐसे में श्रद्धालुओं की सुरक्षा पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
उन्होंने मौसम और यात्रा मार्ग की मौजूदा स्थिति को देखते हुए सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पुलिस का प्रयास है कि मां नंदा की इस पावन यात्रा में शामिल प्रत्येक श्रद्धालु सुरक्षित रहे और आस्था की इस कठिन डगर को सकुशल पूरा कर अपने गंतव्य तक पहुंचे।
पुलिस अधीक्षक ने जवानों से यात्रा में शामिल प्रत्येक श्रद्धालु को आवश्यकता के अनुरूप हरसंभव सहयोग देने को कहा। विशेष रूप से दुर्गम और जोखिम वाले स्थानों पर यात्रियों की सहायता तथा भीड़ प्रबंधन पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए गए।
इस दौरान बड़ी संख्या में पुलिस अधिकारी और जवान मौजूद रहे। थराली के उपजिलाधिकारी यशवीर सिंह रावत भी मौके पर उपस्थित थे।
