क्षेत्रीय समाचार

71 वें सात दिवसीय गौचर औद्योगिक विकास एवं सांस्कृतिक मेले का रंगारंग आगाज़

 

गौचर से दिग्पाल गुसाईं की रिपोर्ट –

जनपद चमोली के गौचर मैदान में आयोजित होने जा रहे 71 वें सात दिवसीय गौचर औद्योगिक विकास एवं सांस्कृतिक मेले का शानदार आगाज हो गया है। मेले का उद्घाटन मुख्य मंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मुख्य गेट पर रीबन काटकर किया।

बतौर मुख्य अतिथि गौचर पहुंचे मुख्यमंत्री ने सर्व प्रथम मेले के मुख्य द्वार पर रीबन काटकर मले का उद्घाटन किया। इसके पश्चात भाजपा कार्यकर्ता उन्हें गाजे बाजे के साथ मेला मंच तक ले गए जहां उन्होंने भारत के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू के चित्र पर माल्यार्पण व दीप प्रज्वलित कर उन्हें याद किया। इसके बाद मेले के संस्थापक रहे स्वर्गीय गोविंद प्रसाद नौटियाल की मूर्ति का माल्यार्पण किया।

इस अवसर पर उन्होंने कहा कि पहाड़ों में आयोजित होने वाले सभी मेले हमारी संस्कृति के संवाहक के रूप में हमारे लिए प्रेरणा स्रोत बने हुए हैं। उन्होंने कहा गौचर मेले का अनूठा इतिहास रहा है। यह व्यापारिक मेला जहां व्यापार के जरिए हमारी आर्थिकी को मजबूत करता है वहीं बहुआयामी संस्कृति को भी दर्शाता है। अपनी विकास योजनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि डबल इंजन की सरकार ने घरेलू सकल उत्पाद को बढ़ावा देने के साथ ही राज्य में डेस्टीनेशन योजना शुरू की है। ताकि यहां के युवा बेरोजगारों को रोजगार के लिए बाहर न जाना पड़े। यह भी निर्णय लिया गया कि जो स्थानीय लोगों को रोजगार देगा उसी को उद्योग लगाने में प्राथमिकता दी जाएगी। रेल लाइन व आल वेदर सड़क का जिक्र करते हुए कहा कि इससे लोगों का आवागमन आसान हो गया है।

सरकार की उपलब्धियों को गिनाते हुए कहा कि नकल विहीन कानून लागू कर नौकरियों में पारदर्शिता लाने का काम किया है। गरीबों को साल में तीन रसोई गैस सिलेंडर मुफ्त में दिया जा रहा है। 35 सौ एकड़ जमीन अतिक्रमण से मुक्त कराई गई है। उनका कहना था यह काम कठिन थे लेकिन आवश्यक भी थे। विकास के कई पढ़ाव पार किए गए हैं।

उन्होंने जोर देकर कहा कि समान नागरिक संहिता को शीघ्र विधानसभा में रखा जाएगा। इसके लिए विशेषज्ञों से वार्ता की जा रही है। इससे पूर्व भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेन्द्र भट्ट ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी व मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के कसीदे पढ़े। कर्णप्रयाग के विधायक अनिल नौटियाल व पालिकाध्यक्ष अंजू बिष्ट ने विकास योजनाओं की मांग की।

मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर वरिष्ठ पत्रकार राजपाल सिंह बिष्ट को गोविन्द प्रसाद नौटियाल पत्रकार सम्मान और “विद्या भारती अखिल भारतीय शिक्षण संस्थान, उत्तराखण्ड“ को पंडित महेशानन्द नौटियाल शिक्षा और साहित्य प्रसार सम्मान से सम्मानित भी किया।

पालिकाध्यक्ष अंजू बिष्ट की मांग पर मुख्यमंत्री ने गौचर के अतिरिक्त प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के उच्चीकरण की घोषणा की। इस अवसर पर रूद्रप्रयाग के विधायक भरत सिंह चौधरी, थराली के विधायक भोपालराम टम्टा, पूर्व केंद्रीय मंत्री अजय टम्टा, भाजपा जिलाध्यक्ष रमेश मैखुरी,जलागम परिषद के उपाध्यक्ष रमेश गड़िया, पूर्व विधायक मुन्नी शाह, पालिकाध्यक्ष कर्णप्रयाग दमयंती रतूड़ी, ब्लाक प्रमुख चंद्रेश्वरी रावत,व्यापार संघ अध्यक्ष राकेश लिंगवाल, नवीन टाकुली गजेन्द्र नयाल, जयकृत बिष्ट,के अलावा जिलाधिकारी चमोली हिमांशु खुराना, पुलिस अधीक्षक रेखा यादव, मुख्य विकास अधिकारी ललित नारायण मिश्र, मेलाधिकारी उपजिलाधिकारी कर्णप्रयाग संतोष कुमार पाण्डेय, तहसीलदार सुरेंद्र सिंह देव,आई टी वी पी के सेनानी हफीजुल्हा सिद्धकी,66 आर सी के कमान अधिकारी दिव्य विकास आदि बड़ी संख्या में गणमान्य लोग मौजूद थे।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!