बद्रीनाथ धाम संरक्षण आंदोलन को मिला व्यापक समर्थन, मातृ शक्ति भी उतरी मैदान में

बद्रीनाथ/ज्योतिर्मठ, 21 अगस्त (कपरूवाण)। बद्रीनाथ धाम के अस्तित्व को बचाने के लिए चल रहे आंदोलन को अब सामाजिक व राजनीतिक संगठनों के साथ-साथ मातृ शक्ति का भी समर्थन मिलने लगा है। महिलाओं ने धरना शुरू कर आंदोलन को नया आयाम दिया है।
बुधवार को उत्तराखंड क्रांति दल की महिला अध्यक्ष मेजर संतोष भण्डारी और केंद्रीय उपाध्यक्ष आशुतोष नेगी के नेतृत्व में उक्रांद पदाधिकारी बद्रीनाथ धाम पहुंचे और आंदोलन में शामिल होकर पूर्ण समर्थन देने की घोषणा की।
बद्रीश संयुक्त संघर्ष समिति के आह्वान पर बुधवार को जुलूस-प्रदर्शन और तीन घंटे का सांकेतिक बाजार बंद कराया गया। इसके उपरांत साकेत तिराहे पर आयोजित जनसभा को समिति के अध्यक्ष पीताम्बर मोल्फा, कार्यकारी अध्यक्ष राजेश मेहता, पंडा पंचायत अध्यक्ष प्रवीण ध्यानी, मनदीप भण्डारी, उक्रांद नेता आशुतोष नेगी, मेजर संतोष भण्डारी, क्षेत्र पंचायत सदस्य पंकज पुरोहित और गौरव पंचभैय्या सहित कई अन्य वक्ताओं ने संबोधित किया।
धरना कार्यक्रम में अब महिलाएं भी सक्रिय हो गई हैं। बुधवार को धरने में सविता देवी, सरला भण्डारी, गीता देवी, संगीता देवी, धनेश्वरी देवी, विमला देवी, सुषमा भट्ट, विजली देवी, वीना देवी और लक्ष्मी मेहता प्रमुख रूप से शामिल रही।
