रंजीत रावत ने थराली में आपदा पीड़ितों को वितरित की राहत सामग्री
-हरेंद्र बिष्ट की रिपोर्ट-
थराली, 1 सितम्बर। अल्मोड़ा जिले के सल्ट विधानसभा क्षेत्र के पूर्व विधायक और वरिष्ठ कांग्रेसी नेता रणजीत रावत ने थराली नगर क्षेत्र के आपदा प्रभावितों को राहत सामग्री वितरित की। यह वितरण उनकी संस्था प्रयास सेवा संस्था के माध्यम से किया गया।
रविवार को थराली पहुंचकर पूर्व विधायक रावत ने नगर पंचायत थराली के अंतर्गत भेटा वार्ड और अपर बाजार वार्ड के आपदा पीड़ितों के साथ-साथ नगर पंचायत में कार्यरत पर्यावरण मित्रों को भी राहत सामग्री प्रदान की।
इस मौके पर नगर पंचायत अध्यक्ष सुनीता रावत, कांग्रेस के पूर्व जिलाध्यक्ष वीरेंद्र रावत, कांग्रेस नेता हरिकृष्ण भट्ट, ब्लॉक कांग्रेस कमेटी थराली के अध्यक्ष विनोद रावत, व्यापार संघ अध्यक्ष संदीप रावत समेत कई कांग्रेसी नेता उपस्थित रहे और राहत सामग्री वितरण में सहयोग किया।
पूर्व विधायक रावत ने कहा कि उनकी संस्था प्रयास सेवा की ओर से 200 खाद्यान्न किट थराली लाए गए थे, जिन्हें स्थानीय जनप्रतिनिधियों और कांग्रेस कार्यकर्ताओं की मदद से आपदा पीड़ितों तक पहुंचाया गया। उन्होंने प्रदेश में लगातार हो रही प्राकृतिक आपदाओं पर चिंता व्यक्त करते हुए सामाजिक संगठनों और राजनीतिक दलों से आपदा प्रभावितों को हरसंभव सहायता देने की अपील की।
नगर पंचायत अध्यक्ष सुनीता रावत ने बताया कि नगर क्षेत्र के अन्य आपदा प्रभावितों की सहायता के लिए भी कई संस्थाओं से संपर्क किया गया है। जल्द ही और भी संगठन राहत सामग्री लेकर थराली पहुंचेंगे।
