गौचर के संदीप रावत बने एयरफोर्स एसोसिएशन उत्तराखंड के अध्यक्ष
37 वर्षों तक भारतीय वायुसेना में दी सेवाएं, विशिष्ट सेवा पदक से हो चुके हैं सम्मानित
गौचर, 27 नवंबर (दिग्पाल गुसाईं)। चमोली जिले के गौचर निवासी सेवानिवृत्त एयर वाइस मार्शल संदीप रावत को एयरफोर्स एसोसिएशन उत्तराखंड का अध्यक्ष बनाया गया है। उन्होंने 25 नवंबर 2026 को देहरादून में अध्यक्ष पद का कार्यभार ग्रहण किया।
एयर वाइस मार्शल संदीप रावत ने दिसंबर 1988 में भारतीय वायुसेना की लॉजिस्टिक्स शाखा में कमीशन प्राप्त किया था। करीब 37 वर्षों के सेवाकाल में उन्होंने विभिन्न महत्वपूर्ण कमानों में परिचालन एवं प्रशासनिक पदों पर अपनी सेवाएं दीं। वह राष्ट्रीय रक्षा अकादमी (एनडीए), वायुसेना अकादमी और राष्ट्रीय रक्षा महाविद्यालय (नेशनल डिफेंस कॉलेज) के पूर्व छात्र रहे हैं।
वायुसेना में उल्लेखनीय योगदान और विशिष्ट सेवाओं के लिए उन्हें अनेक पुरस्कारों एवं प्रशस्तियों से सम्मानित किया गया। राष्ट्रपति द्वारा उन्हें विशिष्ट सेवा पदक (वीएसएम) भी प्रदान किया गया।
जनवरी 2025 में भारतीय वायुसेना से सेवानिवृत्त होने के बाद से संदीप रावत सामाजिक एवं सामुदायिक गतिविधियों में सक्रिय हैं। अपनी जन्मभूमि गौचर तथा उत्तराखंड की लोकसंस्कृति और परंपराओं से उनका विशेष लगाव रहा है। वह संगीत और फिल्मों के माध्यम से भी उत्तराखंड की सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण एवं संवर्धन के लिए प्रयासरत हैं।
एयरफोर्स एसोसिएशन उत्तराखंड के अध्यक्ष के रूप में पूर्व वायुसेना कर्मियों और उनके परिवारों का कल्याण, उनकी समस्याओं का समाधान तथा उन्हें सरकारी कल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिलाना उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है। इसके अलावा वह पूर्व वायुसेना कर्मियों के बीच आपसी सहयोग और संगठनात्मक एकजुटता को मजबूत करने की दिशा में भी कार्य करेंगे।
संदीप रावत को प्रदेश में पूर्व वायुसेना कर्मियों के कल्याण की जिम्मेदारी मिलने पर गौचर सहित चमोली जिले के लोगों ने प्रसन्नता व्यक्त की है।

