थराली–कुराड़ मार्ग पर बोलेरो दुर्घटनाग्रस्त, छह घायल, दो की हालत गंभीर

-हरेंद्र बिष्ट की रिपोर्ट-
थराली, 18 दिसंबर। बुधवार देर सायं थराली–कुराड़ मोटर मार्ग पर एक बोलेरो वाहन के दुर्घटनाग्रस्त हो जाने से उसमें सवार तीन वर्षीय बच्ची सहित छह लोग घायल हो गए। घायलों में दो की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर किया गया है, जबकि शेष घायलों का उपचार सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) थराली में चल रहा है।
राजस्व उपनिरीक्षक रोबट सिद्दकी ने बताया कि बुधवार को ग्राम प्रधान कुराड़ ने दूरभाष पर सूचना दी कि थराली से लेटल की ओर जाते समय कुराड़ गांव के जाड़ा मार तोक के समीप बोलेरो वाहन संख्या यूके-11-टीए-2334 दुर्घटनाग्रस्त हो गया है। सूचना मिलते ही वे डीडीआरएफ की टीम के साथ घटनास्थल के लिए रवाना हुए। साथ ही दुर्घटना की जानकारी थराली थाना पुलिस को भी दी गई, जिसके बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।
दुर्घटना में घायल हुए लोगों में गम्मा राम (65), वस्प राम (62), दिनेश राम (50), विजयपाल, दीपा (22) तथा तीन वर्षीय कुमारी बबली पुत्री दीपा शामिल हैं। सभी घायलों को वाहन से निकालकर प्राथमिक उपचार के लिए सीएचसी थराली लाया गया। चिकित्सकों ने गंभीर रूप से घायल वाहन चालक विजयपाल पुत्र बीरबल राम तथा दिनेश राम पुत्र गोपाल राम की स्थिति को देखते हुए उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया, जबकि अन्य घायलों का उपचार सीएचसी थराली में जारी है।
