मंत्री रेखा आर्य के पति गिरधारी के बिगड़े बोल पर भड़की महिला कांग्रेस, किया मंत्री आवास का घेराव

देहरादून, 2 जनवरी। अंकिता भंडारी हत्याकांड में कथित वीआईपी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई और महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास मंत्री रेखा आर्य के पति गिरधारी लाल साहू द्वारा महिलाओं को लेकर दिए गए आपत्तिजनक बयान के विरोध में आज प्रदेश महिला कांग्रेस ने जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदेश महिला कांग्रेस अध्यक्ष ज्योति रौतेला के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने यमुना कॉलोनी स्थित मंत्री रेखा आर्य के आवास का घेराव कर दोनों मामलों में कड़ी कार्रवाई की मांग उठाई।
पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत महिला कांग्रेस कार्यकर्ता यमुना कॉलोनी गेट पर एकत्र हुए और नारेबाजी करते हुए मंत्री आवास की ओर कूच किया। इस दौरान प्रदेश अध्यक्ष ज्योति रौतेला ने कहा कि अंकिता भंडारी हत्याकांड को तीन वर्ष बीत चुके हैं, लेकिन पीड़िता को न्याय नहीं मिल पाया है। उन्होंने आरोप लगाया कि इस मामले में जिस वीआईपी का नाम सामने आया था, उससे जुड़े राजनीतिक दबाव के कारण कार्रवाई आगे नहीं बढ़ पाई। रौतेला ने यह भी कहा कि राज्य में महिलाओं से जुड़े अपराधों में भाजपा नेताओं का नाम सामने आता रहा है और कई मामलों में पीड़ितों को ही प्रताड़ित किया गया है।
ज्योति रौतेला ने मंत्री रेखा आर्य के पति गिरधारी लाल साहू द्वारा महिलाओं के संदर्भ में दिए गए कथित बयान—
“बिहार से 20–25 हजार रुपये में लड़कियां आसानी से मिल जाती हैं”
को स्त्री-अस्मिता का अपमान बताते हुए कड़े शब्दों में निंदा की। उन्होंने कहा कि महिला सशक्तिकरण मंत्रालय संभालने वाली मंत्री के परिजन द्वारा ऐसा बयान देना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण और आपत्तिजनक है। महिला कांग्रेस ने रेखा आर्य से इस मामले पर सार्वजनिक स्पष्टीकरण देने और साहू के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
महिला कांग्रेस पदाधिकारियों ने थाना डालनवाला में तहरीर देकर मामला दर्ज कराने की मांग भी की। रौतेला ने कहा कि यह बयान भाजपा की महिलाओं के प्रति “विकृत मानसिकता” को दर्शाता है। एक ओर भाजपा सरकारें ‘बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ’ का नारा देती हैं, वहीं दूसरी ओर महिलाओं के सम्मान को ठेस पहुंचाने वाले बयान सामने आ रहे हैं। महिला कांग्रेस ने रेखा आर्य और उनके पति गिरधारी लाल साहू से सार्वजनिक माफी की भी मांग की।
प्रदर्शन और घेराव कार्यक्रम में प्रदेश उपाध्यक्ष आशा मनोरमा शर्मा, महानगर अध्यक्ष उमिला ढौंडियाल थापा, पार्षद कोमल बोरा, संगीता गुप्ता, सविता सोनगर, रॉबिन त्यागी, पिया थापा, अनीता सकलानी, महासचिव पुष्पा पंवार, सुशीला शर्मा, अमृता कौशल, अनुराधा तिवारी, रितेश क्षेत्री, विनीत प्रसाद बंटू, गौरव सहित बड़ी संख्या में महिला कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहीं।
