राजकीय बालिका इंटर कॉलेज पोखरी में पुलिस का जनजागरूकता अभियान

साइबर अपराध, महिला सुरक्षा व यातायात नियमों पर दी गई महत्वपूर्ण जानकारी
पोखरी, 17 जनवरी (राणा)। थानाध्यक्ष देवेंद्र पंत के नेतृत्व में थाना पुलिस पोखरी द्वारा राजकीय बालिका इंटर कॉलेज पोखरी में जनजागरूकता अभियान चलाया गया। अभियान के तहत छात्राओं को साइबर अपराधों से बचाव, महिला सुरक्षा तथा यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया गया।
थानाध्यक्ष देवेंद्र पंत ने साइबर अपराधों के बढ़ते मामलों पर चिंता जताते हुए छात्राओं को सावधान रहने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि किसी भी अज्ञात नंबर से आए कॉल, संदेश अथवा लिंक पर भरोसा न करें और ओटीपी, पासवर्ड या बैंक खाते से जुड़ी कोई भी जानकारी अनजान व्यक्तियों के साथ साझा न करें। उन्होंने बताया कि साइबर अपराध की स्थिति में तत्काल साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराई जाए अथवा नजदीकी पुलिस थाने से संपर्क किया जाए।
इस अवसर पर महिला सुरक्षा एवं महिलाओं से संबंधित कानूनों की जानकारी भी दी गई। छात्राओं को आत्मरक्षा के प्रति सजग रहने तथा किसी भी प्रकार की असहज स्थिति में बिना झिझक पुलिस अथवा भरोसेमंद लोगों से सहायता लेने के लिए प्रेरित किया गया। साथ ही सड़क दुर्घटनाओं से बचाव के लिए यातायात नियमों का पालन करने पर विशेष जोर दिया गया।
कार्यक्रम में विद्यालय की प्रधानाचार्य विजयलक्ष्मी रावत सहित गंभीर असवाल, रेखा पटवाल राणा, पुष्पा नेगी, विशेश्वरी सजवाण, निशा, पूजा गोस्वामी, प्राची राणा, इंदू भारती, अनुराधा राणा उपस्थित रहीं। पुलिस की ओर से उपनिरीक्षक दलबीर सिंह नेगी, कांस्टेबल भरत सिंह टोलिया, ममता तथा होमगार्ड रोशन लाल सहित अन्य पुलिसकर्मी मौजूद रहे। कार्यक्रम में विद्यालय की छात्राओं ने भी सक्रिय सहभागिता की।
