जलवायु कूटनीति से आगे निकलती स्वच्छ ऊर्जा क्रांति
Despite persistent disagreements at global climate conferences over reducing fossil fuel dependence, the rapidly declining costs of solar and wind energy are transforming the world’s energy landscape. Economic necessity, technological innovation and energy security are emerging as powerful drivers of the clean energy transition. Developing nations can bypass conventional energy infrastructure, while even oil-producing countries are investing in renewables. For India, energy storage, grid modernisation and indigenous manufacturing remain critical challenges. Although international cooperation remains essential for climate finance and environmental justice, the fossil fuel era may ultimately end not through diplomatic declarations, but through affordable, reliable and economically competitive alternatives.

— जयसिंह रावत —
दुनिया को जलवायु परिवर्तन के संकट से बचाने के लिए पिछले तीन दशकों से अंतरराष्ट्रीय सम्मेलनों का सिलसिला जारी है। इन सम्मेलनों में लंबी-चौड़ी घोषणाएं होती हैं, कार्बन उत्सर्जन घटाने के संकल्प लिए जाते हैं और धरती के बढ़ते तापमान पर चिंता व्यक्त की जाती है। लेकिन जब कोयले, पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस के इस्तेमाल को सीमित करने की बात आती है तो वैश्विक सहमति बिखरने लगती है। तुर्किये में आयोजित संयुक्त राष्ट्र के 31वें जलवायु सम्मेलन (कॉप-31) में भी यही विरोधाभास देखने को मिला। हालांकि इस कूटनीतिक गतिरोध के बीच एक सुखद परिवर्तन यह हो रहा है कि स्वच्छ ऊर्जा अब केवल पर्यावरण संरक्षण का माध्यम नहीं, बल्कि आर्थिक विकास और ऊर्जा आत्मनिर्भरता का आधार बनती जा रही है।
तेल उत्पादक देशों के आर्थिक हित
कॉप-31 में जीवाश्म ईंधन के इस्तेमाल को सीमित करने के मुद्दे पर सऊदी अरब, रूस और अन्य तेल एवं गैस उत्पादक देशों के विरोध के कारण व्यापक साझा घोषणा पर सहमति नहीं बन सकी। दूसरी ओर यूरोपीय संघ और प्रशांत महासागर के कई द्वीपीय देश ऐसे किसी समझौते को स्वीकार करने के पक्ष में नहीं थे, जिसमें जलवायु परिवर्तन के लिए जिम्मेदार जीवाश्म ईंधन की भूमिका की अनदेखी की जाए।
दरअसल, दुनिया में जलवायु परिवर्तन का सवाल अब केवल पर्यावरण विज्ञान तक सीमित नहीं रह गया है। इसके साथ खरबों डॉलर का कारोबार, राष्ट्रीय अर्थव्यवस्थाएं, रोजगार और भू-राजनीतिक हित जुड़े हुए हैं। जिन देशों की अर्थव्यवस्था पेट्रोलियम के निर्यात पर टिकी है, उनके लिए जीवाश्म ईंधन का तेजी से घटता इस्तेमाल आर्थिक चुनौती भी है। वहीं समुद्र का बढ़ता जलस्तर छोटे द्वीपीय देशों के अस्तित्व के लिए खतरा बन रहा है। ऐसे परस्पर विरोधी हितों के बीच सर्वमान्य समझौता आसान नहीं है। लेकिन जलवायु सम्मेलनों में तेल उत्पादक देशों का प्रभाव उस तकनीकी और आर्थिक परिवर्तन को नहीं रोक सकता, जो दुनिया में पहले ही शुरू हो चुका है।
सस्ती ऊर्जा बदल रही दुनिया की तस्वीर
वर्ष 2010 से 2023 के बीच बड़े स्तर पर सौर ऊर्जा उत्पादन की औसत लागत में लगभग 90 प्रतिशत की गिरावट आई। कभी महंगी और परंपरागत बिजली का विकल्प मानी जाने वाली सौर ऊर्जा आज अनेक देशों में बिजली उत्पादन के सबसे किफायती साधनों में शामिल हो गई है। पवन ऊर्जा और बिजली भंडारण की तकनीक में भी तेजी से सुधार हो रहा है। दक्षिण-पूर्व एशिया और सहारा के दक्षिण में स्थित अफ्रीकी देशों के सामने अब विकास का एक नया रास्ता खुल रहा है। इन देशों के लिए विशाल कोयला आधारित बिजलीघर स्थापित करने के बजाय सौर और पवन ऊर्जा परियोजनाओं में निवेश करना कई परिस्थितियों में अधिक लाभकारी हो सकता है। विकसित देशों के विपरीत इनमें से कई देशों पर पुराने ऊर्जा ढांचे का उतना भारी बोझ भी नहीं है।
यह परिवर्तन कुछ वैसा ही है, जैसा दूरसंचार के क्षेत्र में हुआ था। जिन देशों में तार वाले टेलीफोन का व्यापक नेटवर्क नहीं था, उन्होंने सीधे मोबाइल संचार तकनीक को अपना लिया। इसी प्रकार अनेक विकासशील देश परंपरागत ऊर्जा व्यवस्था के कुछ चरणों को पार किए बिना सीधे आधुनिक स्वच्छ ऊर्जा प्रणाली की ओर बढ़ सकते हैं।
कॉप-31 से जुड़ी एक महत्वपूर्ण पहल में करीब 90 देशों ने वर्ष 2035 तक ऊर्जा की अंतिम खपत में बिजली की हिस्सेदारी 35 प्रतिशत तक पहुंचाने का लक्ष्य अपनाया है। वर्तमान में यह वैश्विक हिस्सेदारी लगभग 22 प्रतिशत बताई जाती है। परिवहन, उद्योग, घरेलू रसोई और अन्य क्षेत्रों में बिजली का इस्तेमाल बढ़ने तथा उसका उत्पादन स्वच्छ स्रोतों से होने पर जीवाश्म ईंधन की मांग में कमी आ सकती है।
भारत में उत्पादन से बड़ी चुनौती प्रबंधन की
भारत के लिए स्वच्छ ऊर्जा का विस्तार पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ आर्थिक और सामरिक दृष्टि से भी महत्वपूर्ण है। देश अपनी कच्चे तेल की जरूरतों का बड़ा हिस्सा आयात से पूरा करता है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में तेल की कीमतों में उतार-चढ़ाव और पश्चिम एशिया में तनाव का सीधा असर भारत की अर्थव्यवस्था तथा आम उपभोक्ताओं पर पड़ता है।
भारत के पास प्रचुर मात्रा में सूर्य का प्रकाश, विस्तृत समुद्री तट, पवन ऊर्जा की संभावनाएं और जलविद्युत संसाधन उपलब्ध हैं। राजस्थान और गुजरात जैसे राज्यों में सौर ऊर्जा के बड़े केंद्र विकसित हुए हैं। छतों पर सौर संयंत्र लगाने से सामान्य परिवारों को भी बिजली उत्पादन में भागीदार बनने का अवसर मिला है।लेकिन भारत के सामने अब एक नई चुनौती उभर रही है। कुछ समय और क्षेत्रों में सौर बिजली का उत्पादन इतना अधिक हो जाता है कि उपलब्ध विद्युत तंत्र उसका पूरा उपयोग नहीं कर पाता। बिजली की मांग और आपूर्ति के बीच संतुलन बनाए रखने के लिए कभी-कभी सौर उत्पादन सीमित करना पड़ता है।
इस समस्या का समाधान बड़े बैटरी भंडारण संयंत्रों, पंप आधारित जलविद्युत भंडारण, आधुनिक विद्युत वितरण प्रणाली और बेहतर अंतरराज्यीय पारेषण नेटवर्क में निहित है। दिन में सूर्य से प्राप्त अतिरिक्त बिजली का रात में उपयोग करने की क्षमता विकसित करना ऊर्जा क्रांति का अगला महत्वपूर्ण चरण होगा।उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश जैसे हिमालयी राज्यों में भी पर्यावरणीय सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए जलविद्युत भंडारण, विकेंद्रीकृत सौर ऊर्जा और स्थानीय ऊर्जा उत्पादन की संभावनाएं तलाशी जा सकती हैं। इससे दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों की ऊर्जा जरूरतों को पूरा करने के साथ स्थानीय रोजगार के अवसर भी पैदा हो सकते हैं।
तेल उत्पादक देश भी अपना रहे सौर ऊर्जा
इस वैश्विक परिवर्तन का सबसे दिलचस्प पहलू यह है कि जिन देशों की समृद्धि पेट्रोलियम के कारोबार पर आधारित है, वे स्वयं भी नवीकरणीय ऊर्जा में भारी निवेश कर रहे हैं। सऊदी अरब चीनी सौर पैनलों के प्रमुख खरीदारों में शामिल है। यह इस बात का संकेत है कि तेल उत्पादक देश भी भविष्य की ऊर्जा अर्थव्यवस्था को पहचान रहे हैं।
हालांकि स्वच्छ ऊर्जा के क्षेत्र में चीन का बढ़ता औद्योगिक वर्चस्व एक नई चुनौती भी है। यदि दुनिया पेट्रोलियम के लिए कुछ देशों पर निर्भरता समाप्त करके सौर पैनलों, बैटरियों और महत्वपूर्ण खनिजों के लिए किसी एक देश पर निर्भर हो जाती है तो ऊर्जा सुरक्षा का उद्देश्य पूरी तरह हासिल नहीं होगा। भारत को इसलिए स्वदेशी उत्पादन, तकनीकी अनुसंधान और ऊर्जा उपकरणों के पुनर्चक्रण पर विशेष ध्यान देना होगा।
आर्थिक मजबूरी बनेगी परिवर्तन की ताकत
विकासशील देशों से यह अपेक्षा करना व्यावहारिक नहीं है कि वे अपनी आर्थिक आवश्यकताओं और करोड़ों गरीब नागरिकों की ऊर्जा जरूरतों की अनदेखी करके तत्काल कोयले और पेट्रोलियम का इस्तेमाल बंद कर दें। विकसित देशों ने अपनी औद्योगिक समृद्धि का बड़ा हिस्सा जीवाश्म ईंधन के इस्तेमाल से अर्जित किया है। इसलिए स्वच्छ ऊर्जा की ओर संक्रमण में विकासशील देशों को वित्तीय और तकनीकी सहयोग देना उनकी भी जिम्मेदारी है। जलवायु सम्मेलनों की भूमिका समाप्त नहीं हुई है। जलवायु वित्त, आपदा अनुकूलन, पर्यावरणीय न्याय और उत्सर्जन नियंत्रण के लिए अंतरराष्ट्रीय सहयोग आज भी आवश्यक है। लेकिन केवल घोषणाओं से ऊर्जा व्यवस्था नहीं बदलेगी। इसके लिए ऐसी तकनीक चाहिए जो पर्यावरण के अनुकूल होने के साथ आम आदमी की पहुंच में भी हो।
जिस दिन स्वच्छ ऊर्जा का इस्तेमाल करना जीवाश्म ईंधन के इस्तेमाल से अधिक सुविधाजनक, विश्वसनीय और किफायती हो जाएगा, उस दिन दुनिया को इसे अपनाने के लिए किसी अंतरराष्ट्रीय संधि या राजनीतिक दबाव की आवश्यकता नहीं पड़ेगी। संभव है कि धरती को जलवायु संकट से बचाने की लड़ाई में अंततः सबसे प्रभावशाली भूमिका कूटनीतिक घोषणाओं की नहीं, बल्कि वैज्ञानिक प्रयोगशालाओं, तकनीकी नवाचारों और आर्थिक प्रतिस्पर्धा की हो। तेल युग का अंत किसी अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन की घोषणा से नहीं, बल्कि बेहतर और सस्ती ऊर्जा के उदय से हो सकता है।
===========================================================================================
About the Author: Jay Singh Rawat is a senior journalist, author of several books and independent commentator with over four decades of journalistic experience. He is known as expert environmental journalis.
Disclaimer: The news portal’s administration neither necessarily agrees nor disagrees with the views expressed in this article by the author.

