महापंचायत का निर्णय : 2026 में ही होगी नंदा देवी की बड़ी जात
बसंत पंचमी पर सिद्धपीठ कुरुड़ में निकलेगा यात्रा का मुहूर्त

–महिपाल गुसाईं/ हरेंद्र बिष्ट-
नंदानगर/गोपेश्वर, 19 जनवरी। हिमालयी क्षेत्र की आराध्य देवी नंदा देवी की बड़ी जात वर्ष 2026 में ही आयोजित किए जाने का सर्वसम्मत निर्णय सोमवार को नंदानगर में आयोजित महापंचायत में लिया गया। नंदानगर ब्लॉक सभागार में हुई इस महापंचायत में दशोली, बधाण और बंड क्षेत्र सहित विभिन्न क्षेत्रों से बड़ी संख्या में नंदा देवी के प्रति आस्था रखने वाले श्रद्धालु, हक–हकूकधारी, जनप्रतिनिधि, धर्माचार्य और महिलाएं शामिल हुईं। पूरे आयोजन के दौरान सभागार का वातावरण भक्तिमय बना रहा।
महापंचायत में तय किया गया कि 23 जनवरी को बसंत पंचमी के पावन पर्व पर सिद्धपीठ नंदा देवी धाम कुरुड़ में विधिवत पूजा-अर्चना के साथ बड़ी जात यात्रा का मुहूर्त निकाला जाएगा। यात्रा को लोक परंपराओं, धार्मिक मान्यताओं और व्यापक जनसहभागिता के साथ भव्य रूप से संपन्न कराने पर भी सहमति बनी।
सिद्धपीठ नंदा देवी धाम मंदिर समिति कुरुड़ के अध्यक्ष सुखबीर सिंह रौतेला ने बताया कि बड़ी जात के सफल आयोजन के लिए एक समिति के गठन का निर्णय लिया गया है। इस समिति का अध्यक्ष सेवानिवृत्त कर्नल हरेंद्र सिंह रावत को सर्वसम्मति से चुना गया है। समिति का विस्तार आगे किया जाएगा, ताकि यात्रा से जुड़ी सभी व्यवस्थाएं समय पर पूरी की जा सकें।
महापंचायत का संचालन करते हुए कुरुड़ मंदिर समिति के अध्यक्ष सुखवीर रौतेला ने कहा कि यह महापंचायत सभी संबंधित क्षेत्रों की सहमति से, नंदा देवी को साक्ष्य मानकर बुलाई गई है। उन्होंने कहा कि नंदा देवी की बड़ी जात केवल एक धार्मिक यात्रा नहीं, बल्कि क्षेत्र की सांस्कृतिक पहचान और लोक परंपराओं का जीवंत प्रतीक है।
समिति अध्यक्ष सेवानिवृत्त कर्नल हरेंद्र सिंह रावत ने कहा कि नंदा देवी की यात्रा को किसी भी प्रकार की राजनीति से दूर रखा जाना चाहिए। यह विशुद्ध रूप से आस्था और परंपरा से जुड़ा आयोजन है, जिसे लोक विश्वास के आधार पर ही संचालित किया जाना चाहिए। अन्य वक्ताओं ने भी स्पष्ट किया कि नंदा देवी सभी क्षेत्रवासियों की आराध्य देवी हैं और यात्रा के आयोजन में किसी प्रकार की राजशाही या राजनीतिक प्रभाव नहीं होना चाहिए। वक्ताओं ने हाल में बड़ी जात के स्थगन को लेकर चल रही चर्चाओं पर भी सरकार से स्थिति स्पष्ट करने की मांग की।
जिला पंचायत अध्यक्ष दौलत सिंह बिष्ट ने कहा कि कुछ तथाकथित लोग बड़ी जात के स्थगन को लेकर भ्रामक प्रचार कर रहे हैं, जो पूरी तरह अनुचित है। उन्होंने स्पष्ट किया कि बसंत पंचमी पर गौड़ पुजारियों द्वारा जो मुहूर्त निकाला जाएगा, उसी के अनुरूप वर्ष 2026 में बड़ी जात आयोजित होगी। उन्होंने बताया कि पिछली बड़ी जात वर्ष 2014 में संपन्न हुई थी और बारह वर्षों के निर्धारित अंतराल के अनुसार वर्ष 2026 ही इसका तय वर्ष है। उन्होंने बसंत पंचमी के अवसर पर नंदा देवी के भक्तों से बड़ी संख्या में कुरुड़ पहुंचने का आह्वान किया।
महापंचायत की अध्यक्षता नंदानगर की ब्लॉक प्रमुख हिमा देवी ने की। विशिष्ट अतिथि के रूप में जिला पंचायत अध्यक्ष दौलत सिंह बिष्ट, कुरुड़ मंदिर समिति के पदाधिकारी, गौड़ पुजारी मुंशी राम, पूर्व जनप्रतिनिधि और सामाजिक कार्यकर्ता उपस्थित रहे। महापंचायत के अंत में सभी ने नंदा देवी की बड़ी जात को एकजुटता, परंपरा और श्रद्धा के साथ आयोजित करने का संकल्प लिया।
