Front Page

भारतीय परंपराओं में वैश्विक समस्याओं का समाधान निहित: अमित शाह

गायत्री परिवार के शताब्दी समारोह में सामाजिक–राष्ट्र निर्माण पर जोर

हरिद्वार, 22 जनवरी। केंद्रीय गृह मंत्री श्री अमित शाह ने कहा है कि भारतीय परंपराओं, संस्कृति और सनातन मूल्यों में विश्व की वर्तमान समस्याओं का समाधान निहित है। उन्होंने आह्वान किया कि आचार्य श्रीराम शर्मा द्वारा दिए गए “हम सुधरेंगे, युग सुधरेगा” के संदेश को जन-जन तक पहुँचाकर मानव कल्याण और राष्ट्र निर्माण को गति दी जाए।

गुरुवार को हरिद्वार में आयोजित अखिल विश्व गायत्री परिवार के शताब्दी वर्ष समारोह को संबोधित करते हुए गृह मंत्री ने कहा कि श्रीराम शर्मा आचार्य ने सनातन धर्म में व्याप्त विकृतियों को दूर कर आध्यात्मिकता को सामाजिक सरोकारों से जोड़ा और समानता, एकता, संस्कृति व अखंडता के मूल्यों को मजबूत किया। उन्होंने “व्यक्ति निर्माण से समाज निर्माण और राष्ट्र निर्माण” की अवधारणा को व्यवहार में उतारने का मार्ग प्रशस्त किया।

श्री शाह ने कहा कि बीते दस वर्षों में देश की कार्य-संस्कृति और सोच में सकारात्मक परिवर्तन आया है और आज भारत को उसकी गौरवशाली विरासत, संस्कृति और मूल्यों के लिए वैश्विक स्तर पर सम्मान की दृष्टि से देखा जा रहा है। उन्होंने स्वामी विवेकानंद और अरविंद घोष के विचारों का उल्लेख करते हुए कहा कि भारत का उत्कर्ष मानवता के उत्कर्ष से जुड़ा है। उन्होंने युवाओं से आत्म-सुधार को सर्वोच्च सामाजिक सेवा मानते हुए इसे जीवन में अपनाने का आग्रह किया।

मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि गायत्री परिवार आध्यात्मिक चेतना का वटवृक्ष बनकर समाज को शांति, सकारात्मकता और नैतिक दिशा प्रदान कर रहा है। उन्होंने कहा कि भारत आज अपनी संस्कृति, ज्ञान और विज्ञान को नए स्वरूप में पुनः स्थापित कर रहा है और सनातन संस्कृति का यह संदेश विश्व तक पहुँचे, इसके लिए सामूहिक प्रयास आवश्यक हैं। उन्होंने गायत्री परिवार को आध्यात्मिक जनजागरण का प्रभावी माध्यम बताया।

अखिल विश्व गायत्री परिवार की ओर से डॉ. चिन्मय पांड्या ने कहा कि संस्था का मूल दर्शन समाज से विमुख होना नहीं, बल्कि समाज में रहकर मानव कल्याण और सामाजिक उत्थान के कार्यों को आगे बढ़ाना है। उन्होंने कहा कि गायत्री परिवार वेद, उपनिषद और गीता से प्रेरणा लेकर आधुनिक तकनीक के माध्यम से शिक्षा, प्रशिक्षण और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभा रहा है। उन्होंने कहा कि सनातन धर्म की रक्षा के लिए राष्ट्र धर्म की रक्षा आवश्यक है।

कार्यक्रम में हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल श्री शिव प्रताप शुक्ला, राज्यसभा सांसद श्री महेंद्र भट्ट, उत्तर प्रदेश के परिवहन मंत्री श्री दया शंकर सिंह, विधायक श्री मदन कौशिक सहित देश-विदेश से आए बड़ी संख्या में गायत्री साधक एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!