थराली में 103 किसानों को बांटे 2.60 करोड़ के ऋण

– हरेंद्र बिष्ट की रिपोर्ट –
थराली। चमोली जिला सहकारी बैंक एवं सहकारिता विभाग के संयुक्त तत्वावधान में थराली विकासखंड कार्यालय के सभागार में वृहद किसान ऋण मेला एवं वित्तीय साक्षरता शिविर का आयोजन किया गया। इस अवसर पर 103 किसानों को दो करोड़ 60 लाख रुपये के ऋण वितरित किए गए। जनप्रतिनिधियों ने किसानों एवं बेरोजगार युवाओं से सहकारिता से जुड़कर स्वरोजगार अपनाने का आह्वान किया।
ऋण मेले का उद्घाटन थराली के ब्लॉक प्रमुख प्रवीण पुरोहित ने किया। उन्होंने सहकारी बैंक द्वारा संचालित विभिन्न ऋण योजनाओं की सराहना करते हुए किसानों से इनका लाभ उठाकर अपनी आजीविका मजबूत करने की अपील की।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए थराली के खंड विकास अधिकारी नितिन धानिया ने विकासखंड के माध्यम से संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने किसानों से सरकारी योजनाओं का अधिकाधिक लाभ उठाने की अपील की।
चमोली जिला सहकारी बैंक के महाप्रबंधक सूर्य प्रकाश सिंह ने किसानों, बेरोजगार युवाओं और महिलाओं के लिए बैंक द्वारा संचालित विभिन्न ऋण योजनाओं की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि सहकारी बैंक स्वरोजगार और उद्यमिता को बढ़ावा देने के लिए प्रयासरत है तथा इच्छुक लोगों को वित्तीय सहयोग देने के लिए तत्पर है।
कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में थराली नगर पंचायत अध्यक्ष सुनीता रावत, भारतीय रिजर्व बैंक के प्रतिनिधि हरपाल सिंह रावत, जिला पंचायत सदस्य हरीश चंद्र सोनियाल, कलावती रावत तथा प्रधान संघ के अध्यक्ष राजेंद्र सिंह रावत सहित कई जनप्रतिनिधि एवं किसान उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का संचालन सहकारी बैंक की थराली शाखा के प्रबंधक रवींद्र पंचवाल ने किया। उन्होंने बैंक की विभिन्न सेवाओं एवं ऋण सुविधाओं के संबंध में किसानों को जानकारी दी।

